किशोरी का अपहरण करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। स्थानीय सदर थाना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का अपहरण करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सीआई सुभाष बिश्नोई ने बताया कि मुरारी कॉलोनी निवासी विकास नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है जो कि चार दिन पूर्व एक नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर नई दिल्ली ले गया था। किशोरी के परिवारजन द्वारा मुकदमा दर्ज करवाए जाने पर जांच कर रहे हवलदार झाबरमल ने विकास को पीछा कर दिल्ली में काबू कर लिया। किशोरी उसके साथ ही थी,जिसे दस्तयाब किया गया। थाना प्रभारी के मुताबिक किशोरी को बाल कल्याण समिति(सीडब्ल्यूसी)के समक्ष पेश करने पर मां-बाप के सुपुर्द कर दिया गया। किशोरी ने बताया कि उसके साथ विकास ने कोई गलत हरकत नहीं की। उसने अपना मेडिकल चेकअप करवाने से भी इंकार कर दिया। विकास को कल रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया आज उसे अदालत में पेश किया गया। वह मजदूरी करता है।
