पुलिस पर हमला करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र के सुरेशिया मौहल्ला में चोरी के एक मामले में संदिग्ध आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला करने की घटना में शामिल लोगों में से तीन युवकों को आज गिरफ्तार कर लिया गया। हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक अरशद अली ने बताया कि वार्ड नंबर 56 के सुरेशिया मौहल्ला निवासी सुदामा बावरी (35), सागर उर्फ़ साजन बावरी (22) और राजकुमार बावरी (19) को गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने बताया कि एक मार्च को सुरेशिया पुलिस चौकी में एक महिला ने परिवाद देते हुए बताया कि उसके घर से गुल्लक चोरी हो गया है, जिसमें काफी रुपए थे। इस परिवाद के आधार पर पुलिस की एक टीम परसों शनिवार शाम को संदिग्ध आरोपियों की धरपकड़ करने के लिए गई तो बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी- डंडों तथा ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के संबंध में 1 मार्च की रात को अनेक लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। हमले में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
