हैरोइन, नशीले कैप्सूल और कारतूसों समेत तीन गिरफ्तार
– शराब की अवैध भट्टी पर भी छापा, आरोपी फरार
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने बीते 24 घंटे के दौरान अवैध रूप से हैरोइन(चिट्टा),नशीले कैप्सूल और कारतूस रखने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस का छापा पड़ने पर अवैध रूप से शराब बनाने की भट्टी चला रहा एक व्यक्ति भाग जाने में कामयाब हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सादुलशहर थाना क्षेत्र में अबोहर मार्ग पर सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने कल शाम को रोहित पुत्र जंडसिंह निवासी गोमेवाला जिला फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया जिसके कब्जे से 10 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।इधर, कोतवाली पुलिस ने पदमपुर मार्ग पर कल्याण भूमि के नजदीक राकेश पुत्र हनुमान प्रसाद निवासी केदार चौक पुरानी आबादी को काबू किया। उसके पास नशे के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले प्रतिबंधित प्रेगाबलीन के 200 कैप्सूल और कैप्सूल बिक्री के 220 रुपए बरामद हुए। इस बीच जवाहरनगर थाना पुलिस ने मौसम विभाग रोड पर आर्यन छजगिरिया निवासी अशोकनगर-बी को कल शाम गिरफ्तार किया।पुलिस ने बताया कि उसके पास 12 बोर के दो जीवित कारतूस बरामद हुए। उधर सीमावर्ती श्रीकरनपुर थाना के प्रभारी सीआई रामप्रताप वर्मा ने कल शाम को चक 29-एच की रोही में छापा मारा, जहां बिंदरसिंह पुत्र अमीरसिंह निवासी चक 16-एस शराब की अवैध भट्टी चला रहा था। पुलिस को देखकर वह फरार हो गया। पुलिस को मौके पर 30 लीटर हटाकर शराब और भट्टी के उपकरण मिले।वहीं पर पुलिस ने मिले लगभग 5000 लीटर लाहन को नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि फरार हुए बिंदरसिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
