Breaking News

श्रीगंगानगर में एक बार फिर कुख्यात गैंगस्टरों के नाम से व्हाट्सएप कॉल द्वारा धमकी, दो करोड़ की रंगदारी मांगी

श्रीगंगानगर में एक बार फिर कुख्यात गैंगस्टरों के नाम से व्हाट्सएप कॉल द्वारा धमकी, दो करोड़ की रंगदारी मांगी
– पीटीई  सैंटर संचालक को दी पुलिस सुरक्षा
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर में एक बार फिर कुख्यात गैंगस्टरों के नाम से व्हाट्सएप कॉल पर धमकी देने का मामला सामने आया है। ब्लॉक एरिया में विदेश भेजने के लिए पीटीई की तैयारी करवाने वाले एक सैंटर के संचालक को दो करोड़ की रंगदारी की धमकी मिली है। पुलिस ने धमकी मिलने का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पीटीई सेंटर के संचालक को सुरक्षा मुहैया करवाई है।ब्लॉक एरिया में उसके सेंटर पर पुलिसकर्मी तैनात किए हैं,वहीं हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित एक कॉलोनी में उसके घर पर भी सुरक्षा बिठाई है।सैंटर संचालक को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल तथा मैसेज आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक करीब 40 वर्षीय सैंटर संचालक द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2), 308(3), 308(5),351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच थाना प्रभारी कर रहे हैं। जिन नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आए हैं, उसकी साइबर सेल द्वारा पड़ताल की जा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित शख्स ने बताया है कि ब्लॉक एरिया में उसका पीटीई सेंटर है,जिसमें विदेश जाने वाले बच्चों को अंग्रेजी की तैयारी करवाईं जातीहैं। विगत एक मार्च की शाम 4:42 बजे उसके मोबाइल नंबर पर विदेशी नंबर से हाये का मैसेज आया। इसके बाद 4.51 और 5.08 बजे व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह अमरजीत बिश्नोई है तथा लॉरेंस बिश्नोई का भाई हूं। आप मेरा सहयोग करो।अगले दिन 2 मार्च को जब वह अपने घर पर था,तभी 3.06 बजे फिर हाय का मैसेज और 3.43 बजे व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका बहुत बड़ा काम है और आप मुझे 2 करोड़ की फिरौती दो। वरना मैं आपको जान से मार दूंगा। कॉल करने वाले ने यह भी कहा कि उसके पास कल तक का समय है। फोन करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा बताया। सूत्रों के अनुसार पीड़ित शख्स द्वारा उक्त आशय की दी गई रिपोर्ट के आधार पर 2 मार्च की देर शाम को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके साथ ही उसके सैंटर और घर पर सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात कर दिएगए। पुलिस की गाड़ियां भी इन दोनों स्थलों के आसपास लगातार गश्त लगा रही हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। उधर, पुलिस के साइबर सेल द्वारा भी उक्त विदेशी नंबर की जांच शुरू कर दी गई है,जिससे कि व्हाट्सएप मैसेज और व्हाट्सएप कॉल किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक रंगदारी के लिए फोन करने वाले शख्स का पता नहीं चला है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी शहर में अनेक व्यक्तियों को लाखों तथा करोड़ों रुपए की रंगदारी देने के लिए इसी प्रकार से धमकी भरे मैसेज तथा फोन कॉल आने के मामले कोतवाली, जवाहरनगर तथा सदर थानों में दर्ज हैं। पुलिस अधिकांश मामलों में धमकी देने वालों का पता नहीं लगा पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *