भंवरलाल को बर्खास्त करने की मांग को लेकर शिक्षक सड़कों पर उतरे कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
श्रीगंगानगर। जिले में शिक्षा विभाग के कार्मिकों, शिक्षकों व अधिकारियों ने मंगलवार शाम सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने निलंबित अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (एसीईबीओ) भंवरलाल शर्मा व वरिष्ठ सहायक पवन कुमार को सेवा से बर्खास्त करने की मांग करते हुए कलक्टर व एसपी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि भंवरलाल शर्मा, रीटा शर्मा, पवन कुमार व अन्य ने षड़यंत्रपूर्वक झूठे तथ्यों की शिकायत करते हुए सीबीइओ सुनील कुमार को एपीओ करवा दिया। इससे शिक्षा विभाग के समस्त शिक्षकों, कार्मिकों व अधिकारियों में रोष व्याप्त है। बताया गया है कि सीबीइओ सुनील कुमार विभाग के ईमानदार व कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं,जबकि भंवरलाल शर्मा ने 7 जनवरी को निलम्बन के बाद मुख्यालय बीकानेर किए जाने के बावजूद पवन कुमार के साथ 19 फरवरी की दोपहर श्रीगंगानगर सीबीइओ कार्यालय में आकर कार्मिकों को धमकाते हुए राजकार्य में बाधा पहुंचाई। इसकी एफआइआर भी सीबीइओ कार्यालय के कार्मिकों ने दर्ज करवाई है। शिक्षकों ने बताया कि सीडीइओ कार्यालय में भंवरलाल ने रजिस्टर्ड डाक के जरिए स्वयं हस्ताक्षरित शिकायत भेजते हुए कार्मिकों के विरूद्ध अशोभनीय व अमर्यादित आरोप लगाए हैं। उनके द्वारा किए जा रहे अपकृत्यों के आतंक के कारण शिक्षा विभाग के समस्त शिक्षक, कार्मिकों में भय व वेदना व्याप्त है। इसके अलावा झूठी शिकायतों के कारण शिक्षा विभाग की छवि भी धूमिल हो रही है। शिक्षकों ने ज्ञापन में सुनील कुमार का पदस्थापन तत्काल प्रभाव से यथावत किए जाने व भंवरलाल शर्मा तथा पवन कुमार को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।
