Breaking News

जलकर्मी पंप चालकों ने रविवार को कार्य करने का बकाया एरियर भुगतान मांगा, प्रशासन को ज्ञापन दिया

जलकर्मी पंप चालकों ने रविवार को कार्य करने का बकाया एरियर भुगतान मांगा, प्रशासन को ज्ञापन दिया
श्री गंगानगर।
पंचायत जलकर्मी संघ ने जनता जलकर्मी पंप चालकों द्वारा रविवार को भी कार्य करने पर बकाया एरियर भुगतान की मांग की है। संघ के जिला अध्यक्ष जेठाराम की अगुवाई में एक शिष्टमंडल ने आज जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन देकर चेताया कि अगर 1 मई 22 से अब तक के बकाया एरिया का भुगतान नहीं किया गया तो आगामी एक अप्रैल से जिले के सभी जनता जलकर्मी तहसील वाइज जल योजनाओं को ताले लगाकर खंड कार्यालयों के सामने धरने पर बैठ जाएंगे। संघ के मुताबिक श्रीगंगानगर जिला नहरी क्षेत्र का होने के कारण जनता जल कर्मियों को पार्ट टाइम से भी अधिक काम करना पड़ता है।उनको नहर से लेकर डिग्गी में जल भरण, चैनल- नाली की साफ सफाई, फिल्टरों की साफ सफाई, मोटरों की देखरेख,पाइपलाइन की टूट-फूट ठीक करना और  रिसीवर सही करना आदि काम करने पड़ते हैं। गांव में एक सप्ताह दिन में 6 घंटे और एक सप्ताह रात्रि में 7 घंटे पानी की सप्लाई दी जाती है। रविवार के दिन नहर में पानी आने से चैनल की साफ सफाई करके डिग्गी में भंडारण करना भी जलकर्मी को पड़ता है। रविवार के दिन पानी की सप्लाई भी देनी पड़ती है। यह सारे काम अकेले एक जलकर्मी को करने पड़ते हैं। यदि वह नहीं करते तो जनता उनको परेशान करती है।जनता कहती है कि अगर रविवार के दिन पानी की सप्लाई नहीं करोगे तो पंप हाउस की चाबी उनको दे दो। वह किसी और को काम पर रख लेंगे। संघ के अनुसार जनता जलकर्मी को 26 दिन की न्यूनतम मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। हर महीने चार दिन किसी अन्य से कार्य करवाना चाहिए था,लेकिन जलकर्मी की जगह किसी अन्य आदमी से रविवार को कार्य नहीं करवाया जाता।जलदाय विभाग के अधिकारियों द्वारा महीने में चार दिन रविवार के दिन छुट्टी रखने का कोई आदेश नहीं दिया गया है। ना ही रविवार के दिन के लिए वैकल्पिक व्यक्ति की व्यवस्था की गई है। इसलिए जलकर्मी पंप चालकों को पूरे महीने लगातार काम करना पड़ता है। उनको रविवार का अवकाश नहीं देकर उनसे काम लिया गया है। इसलिए उनको रविवार के दिन का बकाया एरियर भुगतान किया जाए।ज्ञापन देने वाले शिष्टमंडल में गुरदीपसिंह, सत्यपाल, मोहनलाल, दिलीप, कौरसिंह,आत्माराम और जगजीत राय आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *