रिलायंस नियॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ऑफिस में चोरी करने के आरोप में शातिर चोर गिरफ्तार
– आधा दर्जन लैपटॉप और प्रोजेक्टर चुराया
– पांच लैपटॉप अगले दिन ही सीढियों पर छोड़ गया
श्रीगंगानगर। स्थानीय सुखाडिया सर्किल पर विश्वकर्मा मंदिर के नजदीक एक भवन के प्रथम स्थल पर स्थित रिलायंस नियॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस में 4 महीने पहले हुई चोरी की वारदात का खुलासा हो गया है। जवाहरनगर थाना में दर्ज इस मामले की जांच कर रहे एएसआई सूरजभान ने बताया कि चोरी करने के आरोप में हर्ष नामक एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर चोरी चकारी के पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं। रिलायंस नियॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में 5-6 दिसंबर की रात को वारदात हुई थी। कंपनी के मैनेजर मनोज भारद्वाज की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी ऑफिस के साथ प्रथम तल पर दूसरी तरफ एसबीआई म्युचुअल फंड का भी ऑफिस है। उस रात दोनों कंपनियों के तले तोड़े गए थे। जांच अधिकारी के अनुसार इस घटना में 6 लैपटॉप, एक प्रोजेक्टर व कुछ अन्य सामान चोरी हुआ था। चोरी के एक दिन बाद ही प्रथम तल को जाने वाली सीढियों पर पांच लैपटॉप पड़े हुए मिले थे। यह लैपटॉप पुराने थे। एक लैपटॉप जो कि नया था, वह तथा प्रोजेक्टर अब पकड़े गए चोर हर्ष की निशानदेही पर बरामद करने के प्रयास किया जा रहे हैं। हर्ष नशा करने का आदी है। उसके बारे में सुराग घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला। इसी तरह की एक चोरी उन्हीं दिनों कोतवाली थाना इलाके में भी हुई थी। ब्लॉक एरिया में एक मोबाइल कंपनी के सर्विस सेंटर में चोरी हो गई थी। इस चोरी का अभी तक खुलासा नहीं हुआ। यह सर्विस सेंटर भी एक बिल्डिंग के प्रथम तल पर है।
