समोसे को हाथ लगाने पर बालक का सिर फोड़ा
श्रीगंगानगर। हिंदूमलकोट मार्ग पर गांव कालियां में एक मिष्ठान विक्रेता ने अपनी दुकान पर समोसा लेने आए 12 वर्षीय बालक का डंडे से सिर फोड़ दिया। बालक ने समोसा को गरम है या ठंडा यह देखने के लिए हाथ लगाया था।इसी पर कूपित हुए मिष्ठान विक्रेता ने डंडे से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। उसके सर से खून निकलने लगा।पुलिस ने बताया कि गांव कालियां निवासी गुरुसेवक पुत्र प्रतापराम द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर खुराना मिष्ठान भंडार के मालिक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। खुराना मिष्ठान भंडार पर परसों 12 वर्षीय बालक समोसा लेने के लिए गया था। बालक ने जैसे ही समोसे को हाथ लगाया, मिष्ठान भंडार के मालिक को गुस्सा आ गया उसने आव देखा ना ताव बालक के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसके खून आने लगा। पुलिस के अनुसार घटना की जांच एएसआई गजेंद्रसिंह द्वारा की जा रही है।
