शिक्षा अधिकारी की टिप्पणी से बिश्नोई समाज में आक्रोश , सेवा से बर्खास्त करने की मांग
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में शिक्षा विभाग के दो-तीन अधिकारियों में पिछले कई दिनों से आपस में चल रहे विवाद, मुकदमेबाजी और धरने- प्रदर्शनों के बीच अब बिश्नोई समाज भी कूद पड़ा है। अखिल भारतीय बिश्नोई सभा की जिला शाखा की कल शाम को हुई एक बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी एसी बीईओ भंवरलाल द्वारा कथित रूप से बिश्नोई समाज को लेकर की गई एक टिप्पणी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। बिश्नोई समाज के अध्यक्ष निहालचंद बिश्नोई ने बताया कि विगत 24 फरवरी को भंवरलाल द्वारा जारी एक पत्र में बिश्नोई समाज के एक अधिकारी पर सामाजिक रूप से अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी की गई है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। बैठक में इस टिप्पणी को लेकर विचार विमर्श किया गया और निर्णय लिया गया कि कल मंगलवार को जिला कलेक्टर तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से समाज का एक शिष्टमंडल मिलेगा। उनको ज्ञापन देकर भंवरलाल को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की जाएगी। याद रहे कि शिक्षा विभाग के उक्त आंतरिक विवाद के चलते भंवरलाल को पिछले दिनों निलंबित कर दिया गया था। अब बिश्नोई समाज द्वारा उनका सेवा से ही बर्खास्त करने की मांग की जा रही है। अध्यक्ष निहालचंद बिश्नोई ने बताया कि भंवरलाल के विरुद्ध पुलिस में कानूनी कार्यवाही भी अलग से करने का निर्णय लिया गया है।
