एचडीएफसी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर पर किसान ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप
श्रीगंगानगर । रायसिंहनगर में पुलिस ने एचडीएफसी बैंक के एक रिलेशनसिप अधिकारी के विरुद्ध अदालत से प्राप्त इस्तगासा के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। बैंक के रिलेशनसिप मैनेजर पर आरोप है कि उसने एक किसान को विश्वास में लेकर उसके केसीसी खाते से राशि अन्य के खाते में हस्तांतरित करवा ली तथा करीब सवा लाख रुपये वापस लौटाने से इनकार कर दिया। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में जगदेवसिंह नरवाल निवासी चक 71 आरबी ने बताया कि उसका एचडीएफसी बैंक गजसिंहपुर में किसान क्रेडिड कार्ड ऋण खाता है। बैंक में राकेश पूनिया बिश्नोई निवासी लिखमेवाला बतौर रिलेशनसिप मैनेजर एचडीएफसी बैंक रायसिंहनगर में है। जिससे उसकी राकेश से जान पहचान हो गई। आरोप है कि आरोपी ने उसे विश्वास में ले लिया। हर वर्ष वह खाली चैक एवं वाउचर इत्यादि पर हस्ताक्षर करवा लेता था। आरोप है कि 2024 में उसने तीन खाली चैक उसके हस्ताक्षर करवा कर ले लिए। आरोपी ने 17 अक्टूबर 2024 में 350000 आजादसिंह व 18 अक्टूबर 2024 को जीवनज्योतसिंह के खाते में 275000 रुपये, कुल 625000 रुपये परिवादी खाते से हस्तांतरित करवा ली। 24 अक्टूबर 2024 को जब वह अपनी पौत्री को विदेश भेजने के लिए फीस जमा करवाने गया तो 6 लाख 25 हजार रुपये उसके खाते से निकाले जाने की जानकारी मिली। जिस पर उसने राकेश को रुपये लौटाने को कहा तो आरोपी ने 4 लाख रुपये तो खाते में जमा करवा दिए,लेकिन शेष 2 लाख 25 हजार रुपये जल्द देने का आश्वासन दिया। मगर उसने रुपये लौटाए नहीं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
