ख्यालीवाला में युवक को सरेआम अज्ञात युवकों ने पीटा
– सोशल मीडिया में वायरल हुआ मारपीट का वीडियो
श्रीगंगानगर। सदर थाना अंतर्गत रीको उद्योग विहार के नजदीक गांव ख्यालीवाला में चार-पांच अज्ञात युवकों ने सरेआम एक युवक को लाठी डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायल हुए युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना का सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हुआ है। पुलिस का कहना है कि युवक की हालत अभी बयान देने के लायक नहीं है। जानकारी के अनुसार घायल हुआ युवक हेमंत स्थानीय बसंती चौक के नजदीक एक कॉलोनी का रहने वाला है।वह रीको उद्योग विहार एरिया में एक होटल में पहले वेटर का काम करता था। बाद में वह ख्यालीवाला में किसी के यहां मजदूरी करनेलगा। जानकारी के मुताबिक हेमंत कल दोपहर करीब 12 ख्यालीवाला में मजदूरी के रुपए लेने गया था। तभी उसे गांव में सरकारी स्कूल के पास चार-पांच युवकों ने रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। किसी ने भी हेमंत को हमलावरों से छुड़वाने की कोशिश नहीं की। लोग मोबाइल फोन में मारपीट का वीडियो बनाते रहे। मारपीट करने वाले जब हेमंत को बुरी तरह से जख्मी कर चले गए उसके बाद लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल भिजवाया। घटना के संबंध में सदर थाना के हैड मोहर्रिर विजेंद्र कुमार ने बताया कि हेमंत के अस्पताल में भर्ती होने का पता चलने पर उसके बयान लेने की कार्यवाही की गई, लेकिन वह अभी बयान देने की हालत में नहीं है। हेमंत से मारपीट किस वजह से की गई इसका अभी खुलासा नहीं हुआ।
