Breaking News

प्रस्तावित मिनी सचिवालय स्थल पर नशेड़ियों का जमघट

प्रस्तावित मिनी सचिवालय स्थल पर नशेड़ियों का जमघट
– नशा बेचने और करने वालों की रहती है रेलमपेल
– पुलिस ने चार युवकों को 1600 नशीले कैप्सूलों सहित गिरफ्तार किया
श्रीगंगानगर।
शहर में नशा करने और नशा बेचने वालों के लिए एक नया ठिकाना बन गया है। यह ठिकाना है राज्य सरकार द्वारा पुरानी शुगर मिल वाली जगह पर प्रस्तावित किया गया मिनी सचिवालय स्थल। यह स्थल जवाहरनगर थाना क्षेत्र में मीरा चौक पुलिस चौकी से कुछ भी दूरी पर मौसम विभाग रोड पर है। इसी रोड पर शहर का सबसे बदनाम छजगिरिया मौहल्ला है, जहां कभी दिन-रात हर प्रकार के नशीले पदार्थ ही नहीं बिकते थे बल्कि जरायमपेशा धंधे भी होते थे। इस मौहल्ले पर पुलिस की कड़ी नजर रहने और बार-बार छापेमारी होने के कारण नशा बेचने वाले अब थोड़ा आगे मिनी सचिवालय वाली जगह की ओर स्थानांतरित हो गए हैं। अब यहां पर दिन-रात नशा बिकता है। इस जगह पर बेशुमार झाड़ियां हैं। मिनी सचिवालय का निर्माण जिला न्यास के लगभग 7 वर्ष बाद भी शुरू नहीं हुआ है। करोड़ों रुपए खर्च कर सरकार ने एक्साइज एंड टैक्सेशन की बिल्डिंग का निर्माण शुरू करवाया जो आधार में लटका पड़ा है। दूसरी तरफ नया कोर्ट परिसर भी लगभग सवा सौ करोड़ की लागत से बन रहा है। इसका काम काफी तेजी से हो भी रहा है।मगर मिनी सचिवालय वाली जगह खाली पड़ी है।आसपास की झाड़ियों में नशा करने वाले जुटे रहते हैं। यहां पर कई युवकों की नशे की ओवरडोज के कारण मौतें भी हो चुकी हैं। जवाहरनगर पुलिस ने कल देर शाम को इसी जगह पर ललित कौशिक पुत्र मदन गोपाल निवासी चक  2-ई छोटी और गोपाल शर्मा पुत्र सुभाष शर्मा निवासी संजय कॉलोनी को क्रमश: 300 और 500 प्रेगाबलीन कैप्सूल्स सहित गिरफ्तार किया। मिनी सचिवालय के साथ ही ओवर ब्रिज के पास एक अन्य युवक राहुल पुत्र रतनलाल निवासी एसएसबी रोड को भी 300 नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया गया। मौसम विभाग रोड पर अशोकनगर-बी निवासी अशोक पुत्र चिमनलाल को एसएसबी रोड पर 400 नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया गया। उनके विरुद्ध बीएनएस की धारा 223-बी के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्रस्तावित स्थल पर मिनी सचिवालय सहित अन्य प्रस्तावित सरकारी विभागों के ऑफिस तथा सरकारी अवसान का निर्माण नहीं होने के कारण यह पूरा इलाका नशेड़ियों और नशा बेचने वालों के साथ-साथ अन्य प्रकार के गैर कानूनी धंधोऔ की सैरगाह का बनता जा रहा है। याद रहे की लगभग 3 महीने पहले एक युवती ने सदर थाना में  यौन शोषण का मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया था कि आरोपी ने मिनी सचिवालय वाली जगह पर भी ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *