एक करोड़ 5 लाख की साइबर ठगी मामले में दसवीं गिरफ्तारी
श्रीगंगानगर। एक बुजुर्ग दंपति से 4 महीने पहले एक करोड़ 5 लाख से अधिक राशि की हुई साइबर ठगी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।साइबर थाना पुलिस के अनुसार रवि गुर्जर निवासी शिव कॉलोनी सांगानेर जयपुर को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में 9 आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुके हैं। रवि गुर्जर जयपुर में पढ़ाई कर रहा है। उसने अपना बैंक अकाउंट साइबर ठगो को दिया था। उसके अकाउंट में उक्त ठगी गई एक करोड़ 5 लाख से अधिक की राशि में से 10 लाख रुपए जमा हुए थे।यह राशि अकाउंट में आने पर रवि ने बैंक से निकलवा कर आरोपियों को दे दी थी। इसके बदले में उसे आरोपियों ने सिर्फ 30 हजार रुपए दिए थे। साइबर थाना पुलिस सूत्रों ने बताया कि विगत 16 नवंबर को चक 23-एमल निवासी जसविंदरकौर नामक महिला द्वारा दर्ज करवाए गए इस मामले में पूर्व में जब जयपुर क्षेत्र के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, उस समय रवि गुर्जर को भनक लग गई थी और वह भूमिगत हो गया था। तब से वह लगातार फरार था। रवि गुर्जर को साइबर ठगों के नेटवर्क की एक और कड़ी का भी पता चला है, जो लोगों के बैंक अकाउंट शातिर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए देते थे। रवि ने जिनको 10 लाख रुपए निकलवा कर दिए थे, उनके बारे में पुलिस को काफी अहम जानकारी मिली है। सूत्रों ने बताया कि आगे की कड़ी के ठगों को पकड़ने के लिए एक पुलिस टीम को फिर से जयपुर भेजा जा रहा है। याद रहे कि ठगी की शिकार हुई उक्त बुजुर्ग महिला भाजपा के पूर्व मंत्री सुरेंद्रपालसिंह टीटी की रिश्ते में बहन है।इस मामले में अभी तक पुलिस बुजुर्ग दंपति से ठगी गई राशि को बरामद करने की दृष्टि से कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं हुई है।बेशक पुलिस ने अभी तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह नेटवर्क बहुत बड़ा और गहरा है।असली ठग अभी भी पकड़ से बहुत दूर हैं।
——-
