Breaking News

पंजाब से इलाज करवाने आये कैंसर पीड़ित की लाश नहर किनारे झाड़ियों में गली-सड़ी हालत में मिली

पंजाब से इलाज करवाने आये कैंसर पीड़ित की लाश नहर किनारे झाड़ियों में गली-सड़ी हालत में मिली
– राजकीय चिकित्सालय से हो गया था गायब
श्रीगंगानगर।
पंजाब के फाजिल्का जिले से श्रीगंगानगर के सरकारी अस्पताल में कैंसर का इलाज करवाने आए अधड़े उम्र के एक व्यक्ति की लाश जवाहरनगर थाना क्षेत्र में कालूवाला गांव के निकट गंग कैनाल किनारे झाड़ियों में सडी-गली हालत में मिली। उसके शरीर में कीड़े पड़ गए थे। बड़ी मुश्किल से मृतक की पहचान हो पाई। घटनाक्रम की जांच कर रहे जवाहरनगर थाना में एएसआई गुरदीपसिंह ने बताया कि मृतक की पहचान राधेश्याम वाल्मीकि (45) निवासी गांव मघेवाला थाना बोदीवाला जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। अविवाहित राधेश्याम कैंसर से पीड़ित था। पहचान होने पर उसके भाई विक्रम द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई।जांच अधिकारी के अनुसार राधेश्याम इस महीने के प्रथम सप्ताह में श्रीगंगानगर के राजकीय चिकित्सालय में अपने कैंसर के इलाज के लिए भर्ती हुआ था। उसे 10 मार्च को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।उस दिन राधेश्याम के साथ उसका भाई भी था। छुट्टी मिलने पर वह राधेश्याम को अस्पताल में एक स्थान पर बैठा छोड़कर दवा लेने के लिए काउंटर पर चला गया। वापस आया तो राधेश्याम नहीं मिला। काफी तलाश करने पर भी राधेश्याम नहीं मिला तो उसका भाई यह सोचकर वापस गांव चला गया कि वह भी गांव चला गया होगा लेकिन राधेश्याम वहां नहीं पहुंचा। परिवार वाले उसकी तलाश करने में लगे रहे। जांच अधिकारी के मुताबिक परसों सोमवार शाम को कालूवाला बाईपास के नजदीक एक खेत के किसान ने थाने में सूचना दी की नहर किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति की गली सड़ी लाश पड़ी है। मौके पर थाना प्रभारी सीआई देवेंद्रसिंह राठौड़ दलबल सहित पहुंचे। कई दिनों से लाश पड़े होने के कारण बुरी तरह से सड गई थी। उसके शरीर में कीड़े भी पड़ गए थे। पुलिस ने जब उसके पहने हुए कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें कुछ दवाओं की पर्चियां मिली,जिन पर दो-तीन मोबाइल नंबर भी लिखे हुए थे। इन नंबरों पर संपर्क करने से उसकी पहचान हुई। कल मंगलवार को उसके परिवार वाले श्रीगंगानगर पहुंचे। तत्पश्चात पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने लाश उनके सुपुर्द कर दी। पुलिस जांच कर रही है कि वह किन परिस्थितियों में कालूवाला गांव के निकट नहर किनारे पहुंचा और उसकी मौत हुई।

वाटर वर्क्स की डिग्गी में युवक का शव मिला
– युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
श्रीगंगानगर।
सादुलशहर थाना अंतर्गत गांव मन्नीवाली के वाटर वर्क्स की डिग्गी में एक युवक की लाश मिली है जबकि श्रीविजयनगर थाना इलाके में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। सादुलशहर पुलिस के अनुसार करीब 21 वर्षीय युवक सुनील जाट की लाश उसके मन्नीवाली गांव के ही वाटर वर्क्स की डिग्गी में कल दोपहर को पड़ी मिली। वह कल सुबह ही कर से निकला था। गांव वाले ही उसका शव निकालकर सादुलशहर के सरकारी अस्पताल में लेकर आए। मामले की जांच कर रहे हवलदार संजीव पांडेय ने बताया कि सुनील पढ़ाई करता था। प्रारंभिक जांच पड़ताल के आधार पर पुलिस ने उसके द्वारा डिग्गी में कूद कर आत्महत्या किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया लेकिन अभी तक इसका कोई कारण सामने नहीं आया। मृतक के चाचा गिरधारीलाल की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है।पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी। उधर श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में चेक 23-जीबी  के नजदीक रेलवे लाइन पर एक युवक की कल मंगलवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नवीन निवासी चक 12-जीबी के रुप में हुई है।उसके चचेरे भाई अशोक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। अशोक ने पुलिस को बताया कि नवीन ने रेलगाड़ी के आगे आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस आत्महत्या के कारण की जांच कर रही है।उसकी लाश भी पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों को दे दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *