रेलवे स्टेशन के बाहर ई-रिक्शा चालक ने साथियों से मिलकर दंपति समेत तीन जनों को धुन डाला
– कोतवाली में शिकायत करने पर युवक से मारपीट
– साधुवाली में पति ने पत्नी को किया घायल
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर शहर में कल रात रेलवे स्टेशन के बाहर एक ई-रिक्शा के चालक ने तीन-चार साथियों से मिलकर एक दंपती समेत तीन जनों को बुरी तरह से धुन डाला। इसमें घायल हुए एक युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कोतवाली में शिकायत करने पर एक युवक को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर देने की घटना भी सामने आई है। इस युवक के परिवार वालों ने कुछ दिन पहले कोतवाली में गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश करने वालों के विरुद्ध दरखास्त दी थी। निकटवर्ती साधुवाली गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक एक ई-रिक्शा (टोकन नंबर 3070) के चालक सलीम खां और उसके तीन-चार साथियों ने कल रात 8:15 बजे रेलवे स्टेशन के बाहर में रोड पर सुखदेवसिंह मजहबी सिख (38) निवासी चक 25 एफ गुलाबेवाला थाना केसरीसिंहपुर, उसकी पत्नी सर्वजीतकौर और साले गुरजंटसिंह को मारपीट कर घायल कर दिया। सुखदेवसिंह के ज्यादा चोटें लगीं।जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसके द्वारा दिए बयान के आधार पर उक्त ई-रिक्शा के चालक सलीम खां और उसके तीन-चार साथियों के विरुद्ध मारपीट कर 20 हजार रुपए छीनने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सुखदेवसिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी, साले और बच्चों के साथ कल गांव से बस द्वारा श्रीगंगानगर आया था। उन्होंने रेलगाड़ी से नैना देवी डेरा साहब जाना था। केंद्रीय बस अड्डा के बाहर मेन रोड पर उन्होंने उक्त ई-रिक्शा रेलवे स्टेशन जाने के लिए किया। चालक ने कोड़ा चौक में ई-रिक्शा रोक लिया। जब उसकी पत्नी ने कहा कि उन्हें देर हो रही है तो चालक ने उनको वही उतार दिया। वे दूसरे टेंपो से रेलवे स्टेशन चले गए। वे अभी रेलवे स्टेशन के गेट के पा पहुंचे थे, तभी ई रिक्शा चालक सलीम खां अपने तीन-चार साथियों के साथ आया और उन्हें इस बात के लिए मारपीट करने लगा कि कोडा चौक से उन्होंने दूसरा टेंपो क्यों ले लिया। वहां खड़े लोगों ने बीच बचाव किया। पुलिस के अनुसार सुखदेवसिंह ने आरोप लगाया है कि सलीम खां और उसके साथियों ने उसे 20 हजार रुपए छीन लिए। मारपीट से सुखदेवसिंह, सर्वजीतकौर और गुरजंटसिंह के चोटें लगी हैं। इस बीच एफ ब्लॉक निवासी जाकिर हुसैन ने रॉकी तथा चैनसिंह पर उसके पुत्र इरफान से मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है। जाकिर हुसैन ने बताया कि उसका बेटा इरफान कल मंगलवार दोपहर 11 किसी काम से बाजार जा रहा था जब वह नवीन चप्पल के पीछे वाली गली में पहुंचा तो रॉकी तथा चैनसिंह आदि ने उसे रोक लिया। डंडो व ईंट से मारकर उसे घायल कर दिया। उक्त आरोपियों ने इरफान का काफी दूर तक पीछा किया और उसे धमकियां भी दीं। इरफान के माथे, नाक, मुंह,हाथ और दांतों पर चोट लगी हैं।पुलिस के अनुसार जाकिर हुसैन ने बताया कि गांधी पार्क के पास रहने वाले रॉकी और चैनसिंह आदतन बदमाश किस्म के युवक हैं, जो आए दिन मोहल्ले में किसी न किसी से झगड़ा करते रहते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने उसके परिवार से भी झगड़ा किया और मारपीट करने की कोशिश की थी। उन्होंने उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी थी,जिस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसी कारण दोनों आरोपियों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने कल उसके बेटे को घायल कर दिया। उधर,गांव साधुवाली निवासी आशा देवी बावरी (45) ने अपने पति धर्मेंद्र पर मारपीट कर घायल कर देने का आरोप लगाया है। आशा देवी द्वारा दी गई रिपोर्ट पर जवाहरनगर थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच साधुवाली प्रभारी एएसआई विजेंद्र कुमार को दी गई है। जांच अधिकारी ने बताया कि आशा देवी के चार बच्चे हैं। चारों बच्चे शादीशुदा है। उसका पति धर्मेंद्र शराब पीकर अक्सर उससे झगड़ा फसाद तथा मारपीट करता है। विगत 16 मार्च को उसने पत्नी को पूरी तरह से घायल कर दिया।
मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। सदर थाना पुलिस ने पदमपुर मार्ग पर ग्रीन वैली रिसॉर्ट के सामने एक युवक से बुरी तरह से मारपीट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना की जांच कर रहे हवलदार सतवीरसिंह राठौड़ ने बताया कि पुरानी आबादी निवासी रवि उर्फ कोकी को प्रोडक्शन वारंट के आधार पर हिरासत में लिया गया है। रवि उर्फ कोकी को कुछ दिन पहले पुरानी आबादी पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। गांव दलियांवाली निवासी मनदीप द्वारा दिए गए बयान के आधार पर रवि उर्फ कोकी, प्रदीप उर्फ दीपू,जतिन,रोहित तथा 10-15 अन्य युवको के विरुद्ध 5 फरवरी की शाम को ग्रीन वैली रिजॉर्ट के पास उसके साथ बुरी तरह से मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मनदीप ने आरोप लगाया कि उक्त लोग उसे जबरदस्ती अगवा कर ले गए और मारपीट करने के बाद घायल हालत में छोड़कर भाग गए थे। जांच अधिकारी ने बताया कि बाकी आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
मोरजंडखारी की नंदीशाला में मारपीट, रुपए छीने
श्रीगंगानगर। सादुलशहर थाना में मोरजंड खारी गांव की नंदीशाला में एक व्यक्ति से मारपीट कर 25 हजार रुपए छीन लेने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार सुंदरसिंह निवासी मोरजंड खारी ने कल शाम रिपोर्ट देते हुए बताया कि वह परसों सोमवार शाम को गांव की नंदीशाला में पशुओं को चारा डाल रहा था। वहीं पास में संदीप नामक व्यक्ति भी सेवा कार्य कर रहा था। तभी सुरेंद्र तथा भानुप्रताप सिंह वहां आए। उससे मारपीट तथा जाति सूचक गाली गलौज करने लगे। दोनों मारपीट कर उसकी जेब से 25 हजार रुपए निकाल ले गए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे में अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।मामले की जांच डीएसपी (ग्रामीण) राहुल यादव कर रहे हैं।
