पत्नी को मरणासन्न कर पति ने आत्महत्या कर ली
– जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना इलाके की घटना
– घायल युवती को पीहर वालों ने गजसिंहपुर में भर्ती करवाया
– पुलिस ने बयान दर्ज किए , डॉक्टर ने रेफर कर दिया
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर थाना क्षेत्र के चक 4-आरबी(ए) की निवासी एक युवती राधा नायक (31) को जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना इलाके के चक 40-बीएलएम में उसके पति तथा ससुराल परिवार के अन्य सदस्यों ने मारपीट कर मरणासन्न हालत में कर दिया। मारपीट करने के साथ ही उसका गला भी रस्सी से घोंट दिया। राधा को ससुराल वालों ने घर के बाहर फेंक दिया तथा उसे मृत समझकर उसके पति ने घर में फांसी लगा ली। राधा तो बच गई लेकिन उसका पति नहीं बच सका। उसकी मृत्यु हो गई। घटना का पता चलने पर राधा के पीहर वाले चक 40-बीएलएम पहुंचे, जहां से वे उसे घायल अवस्था में लेकर आज गजसिंहपुर के सरकारी अस्पताल में आए। पता चलने पर गजसिंहपुर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर श्रीमती सिरकौर अस्पताल पहुंची। उन्होंने बताया कि राधा के बयान दर्ज किए गए हैं, जिसमें उसने अपने पति, सास-ससुर और देवर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। राधा ने बताया कि परसों सोमवार रात को चक 40-बीएलएम में खाना बनाने की बात को लेकर ससुराल वालों ने बुरी तरह उसे पीटा।उसके गले में रस्सी डालकर कस दी, जिससे वह बेहोश हो गई।उसे मरा हुआ समझकर ससुराल वालों ने घर के बाहर फेंक दिया लेकिन वह बच गई। उधर, मोहनगढ़ के थाना प्रभारी सीआई नाथूसिंह ने बताया कि परसों राधा के पति रामप्रताप (पुत्र बनवारीलाल), निवासी गोमावाली ने शराब के नशे में अपने घर वालों से झगड़ा किया। इस दौरान कथित रूप से उसने पत्नी से भी मारपीट की। फिर वह घर के अंदर कमरे में जाकर फंदे पर लटक गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर कार्यवाही की। कल मंगलवार को उसकी लाश पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को सौंप दी गई। इस संबंध में परिवार के एक सदस्य द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। इधर, गजसिंहपुर थाना प्रभारी श्रीमती सिरकौर ने बताया कि राधा चक 4-आरबी (ए) की निवासी है। यह चक पदमपुर थाना क्षेत्र में आता है। लिहाजा उसके द्वारा दिए गए बयान पदमपुर थाना को मुकदमा दर्ज करने के लिए भिजवाए गए हैं। जानकारी के अनुसार पदमपुर थाना में राधा के ससुराल वालों पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है।राधा की शादी 11 -12 वर्ष पहले हुई थी। उसके 10 वर्ष का एक बेटा और एक छोटी बेटी है।इस घटना के बाद ससुराल वालों ने बेटे को अपने पास रख लिया जबकि बेटी को पीहर वाले घायल राधा के साथ ही आज अपने साथ ले आए।
