लग्जरी कार में दो तस्कर गिरफ्तार, 81.25 लाख रुपये कीमत की 16.25 किलो अफीम बरामद
– मध्य प्रदेश से अफीम पंजाब ले जा रहे थे तस्कर
श्रीगंगानगर। चुरू जिले की दूधवाखारा पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की रात नाकाबंदी में एक लग्जरी कार सवार दो तस्करों दीपक नागदा(31) व राहुल नागदा(29) निवासी रेवली देवली थाना सिटी नीमच,मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है।एसपी जय यादव ने बताया कि उक्त आरोपियों से 16 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद हुई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 81 लाख 25 हजार रुपए है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों द्वारा अफीम मध्य प्रदेश के नीमच जिले से तस्करी कर पंजाब ले जाना बताया है।एसपी यादव ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल व सीओ सुनील कुमार के सुपरविजन में एसएचओ दूधवाखारा हंसराज गुर्जर मय टीम द्वारा मंगलवार रात नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर सन्दिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही थी।इसी दौरान मध्य प्रदेश नंबर की संदिग्ध सोनेट कार को रुकवाया गया, जिसमें आरोपी दीपक व राहुल सवार थे। तलाशी में कार से पुलिस ने 16 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। अफीम एवं कार जप्त कर दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।इस कार्रवाई में एसएचओ हंसराज गुर्जर सहित हेड कांस्टेबल रोहताश, कांस्टेबल गोपी राम, संजय कुमार, जयप्रकाश, राजेश कुमार एवं चालक राजेश राहड़ शामिल थे।
