Breaking News

पत्नी के बयान के आधार पर मृतक पति  सहित ससुराल वालों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

पत्नी के बयान के आधार पर मृतक पति  सहित ससुराल वालों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
श्रीगंगानगर।
गजसिंहपुर के सरकारी अस्पताल में घायल अवस्था में राधादेवी नामक युवती द्वारा दिए गए बयान के आधार पर पदमपुर थाना पुलिस ने कल देर रात को उसके पति रामप्रताप निवासी गोमावाली और उसके ससुराल परिवार के सदस्यों के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक चक 4-आरबी निवासी राधा देवी के बयान के आधार पर दर्ज किए गए मामले की जांच खुद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र करेंगे। राधा को उसके पीहर वाले जैसलमेर के मोहनगढ़ थाना इलाके में चक 40 बीएलएम से घायल अवस्था में लेकर कल सुबह गजसिंहपुर के सरकारी अस्पताल में आए थे, जहां गजसिंहपुर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर श्रीमती सीरकौर द्वारा उसके बयान दर्ज किए गए। राधा देवी ने अपने पति, सास-ससुर और देवर पर दहेज के लिए हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है।उसकी शादी 10- 11 वर्ष पहले गोमावाली के रामप्रताप से हुई थी। रामप्रताप का परिवार बाद में चक 40-बीएलएम,मोहनगढ़ जाकर खेती मजदूरी करने लगा। विगत सोमवार शाम को घर में खाना बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया।इस दौरान रामप्रताप और उसके परिवार के सदस्यों ने राधा देवी से मारपीट की उसके गले में रस्सी डालकर कस दी, जिससे वह बेहोश हो गई। उसे मरा हुआ समझकर बाहर फेंक दिया। इसके बाद रामप्रताप ने घर के कमरे में जाकर फांसी लगाकर जान दे दी थी। राधा देवी के एक बेटा और एक बेटी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *