लिव इन रिलेशनशिप छोड़ी तो लगाया यौन शोषण का आरोप, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली विवाहित युवती ने अपने साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहे एक युवक के छोड़कर चले जाने पर उसके विरुद्ध यौन शोषण का मुकदमा दर्ज करवाया है। मामला हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा शहर का है। पुलिस के अनुसार मूल रूप से श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर तहसील इलाके की निवासी लगभग 31 वर्षीय युवती द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर ऋतिक नागर उर्फ आयुष ब्राह्मण निवासी देपालपुर इंदौर, मध्य प्रदेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। कथित रूप से पीड़ित युवती अनुसूचित जाति की है। उसने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि वह लगभग 3 वर्ष से एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। पीलीबंगा में किराए के मकान में रहने के दौरान उसकी जान पहचान ऋतिक नागर से हो गई। वह भी पीलीबंगा में रहता था। कुछ ही दिनों में उनकी दोस्ती हो गई।दोस्ती कथित रूप से प्रेम प्यार में तब्दील हो गई।पुलिस के अनुसार पीलीबंगा में दोनों किराए के मकान में एक साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। दोनों में जिस्मानी ताल्लुकात भी हो गए। युवती ने पुलिस को बताया कि विगत 3 मार्च को ऋतिक उसे अचानक छोड़कर चला गया। जाते हुए वह उसके 15 हजार रुपए, लैपटॉप तथा कुछ अन्य सामान भी ले गया। पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल चेकअप करवाया है। मामले की जांच रावतसर के डीएसपी हंसराज बैरवा कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती का अपने पति से अलगाव चल रहा है। उसने कथित रूप से पति को छोड़ा हुआ है।
