लायलपुर फार्म के गेस्ट हाउस खाली करने के लिए 10 लाख रुपए मांगने का आरोप,तीन के खिलाफ मामला दर्ज
श्रीगंगानगर। स्थानीय हिंदूमलकोट मार्ग पर तीन पुली के नजदीक चक 5- जैड़ में स्थित लायलपुर कृषि फार्म का विवाद एक बार फिर से उभर आया है। इस संबंध में जवाहरनगर थाना में पूर्व महिला पार्षद और उसके पति समेत तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार लायलपुर कृषि फार्म निवासी सतनामसिंह नरूला की रिपोर्ट पर पूर्व पार्षद संतोष डागला, उसके पति रमेश डागला निवासी गोविंदनगर तथा निकटवर्ती गांव मोहनपुर निवासी इकबालसिंह पुत्र मेजरसिंह के विरुद्ध फर्जी तरीके से बिजली के कनेक्शन लेने और इसकी आड़ में कृषि फार्म की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। सतनामसिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि इकबालसिंह फार्म में मजदूरी करने के लिए आता था। उसने फार्म परिसर में बने गेस्ट हाउस को फर्जी दस्तावेज से अपना बताते हुए बिजली का कनेक्शन जारी करवा लिया। उसके साथ दो-तीन अन्य व्यक्ति भी मिले हुए हैं। उसने गेस्ट हाउस में सामान भी रखा हुआ है। उसने जब इस बारे में पूछा तो इकबालसिंह ने रमेश डागला व अन्य को बुला लिया। गेस्ट हाउस खाली करने की एवज में यह लोग 10 लाख रुपए मांगने लगे। सतनामसिंह ने आरोप लगाया है कि पूर्व पार्षद संतोष डगला ने नगर परिषद का फर्जी पत्र तैयार किया, जिसमें उल्लेख किया कि उक्त मकान,कृषि भूमि और जोहड सरकारी भूमि में नहीं आते। यह पत्र बिजली के कनेक्शन के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों में भी दिया गया, जबकि नगर परिषद ने ऐसा कोई पत्र जारी ही नहीं किया। सतनामसिंह ने आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्तियों ने गेस्ट हाउस पर कब्जा करने के लिए फर्जी इकरारनामा तैयार किया, जिसके आधार पर बिजली का कनेक्शन ले लिया। याद रहे कि 2 वर्ष पहले भी लायलपुर कृषि फार्म की जमीन को लेकर फार्म के नजदीक ए-माइनर नहर किनारे बावरी मोहल्ले में रहने वाले लोगों के साथ तनाव उत्पन्न हो गया था. तब भी दोनों पक्षों की तरफ से अनेक मुकदमे जवाहरनगर थाने में दर्ज करवाए गए थे।
