सड़क दुर्घटना में सरकारी अध्यापिका सहित दो की मौत
श्रीगंगानगर 19 दिसंबर। हनुमानगढ़ जिले में दो सड़क दुर्घटना में एक सरकारी अध्यापिका सहित दो की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार संगरिया शहर में ताज पैलेस के पास कल शाम करीब 4:40 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी की टक्कर लगने से स्कूटी पर सवार मंजू जाट (41) गंभीर रूप से घायल हो गई।उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उसकी कुछ ही देर में मृत्यु हो गई। दुर्घटना की जांच कर रहे एएसआई कालूराम ने बताया कि संगरिया में वार्ड नंबर 32 निवासी मंजू गांव रतनपुरा के सरकारी स्कूल में अध्यापिका थी। वह स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जा रही थी। उसके पति महेश जाट द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पिकअप के चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है।मंजू का शव आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। उधर, टिब्बी थाना क्षेत्र में गांव शहर का में गौशाला के पास विगत एक दिसंबर को अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल हुए मोटरसाइकिल सवार मक्खनसिंह बाजीगर की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।पुलिस ने बताया कि मक्खन सिंह ने कल दम तोड़ दिया। उसके बेटे रुपाराम द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है। मक्खन सिंह की लाश भी पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई।पुलिस ने कहा कि अभी तक टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चला।
