पंजाबी सिटी एक्सटेंशन में सप्लाई हो रहा है मिट्टी मिला पेयजल
– पीएचईडी व एलएंडटी अधिकारियों से पाइप लाइन होने से किया इंकार
– कॉलोनी के निवासी गंदा पेयजल पीने को मजबूर
श्रीगंगानगर। पावन धाम रोड स्थित पंजाबी सिटी एक्सटेंशन व आसपास की कॉलोनियों में लम्बे समय से मिट्टी मिला पेयजल सप्लाई हो रहा है। इस संबंध में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग तथा एलएंडटी अधिकारियों को अनेकों बार अवगत करवाया जा चुका है, परंतु अभी तक इस परेशानी का कोई समाधान नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार पावन धाम रोड स्थित पंजाबी सिटी एक्सटेंशन व आसपास के क्षेत्र में कई दिनों से मिट्टी मिला पेयजल सप्लाई आ रहा है। अनेकों बार बदबूदार पानी भी सप्लाई में आता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि फिल्डर का इस्तेमाल करने के बाद भी यह पानी पीने लायक नहीं है। लम्बे समय से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। गंदा पेयजल पीने से बीमारियां बढऩे का खतरा भी बना रहता है। पंजाबी सिटी एक्सटेंशन निवासी परविन्द्र सिंह ने बताया कि लम्बे समय से गंदा पानी सप्लाई में आ रहा है। फिल्डर का इस्तेमाल करते हैं परंतु पानी से बदबू नहीं जाती। मजबूरन बाजार से पानी की खरीदकर पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। परविन्द्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में पीएचईडी व एलएंडटी अधिकारियों को अनेकों बार इस समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, परंतु दोनों विभागों के अधिकारी इस क्षेत्र में पेयजल सप्लाई की पाइप लाइन से होने से मना कर रहे हैं, जिस कारण इस क्षेत्र के लोगों को मजबूरन गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। हैरानीजनक है कि अगर पंजाबी सिटी एक्सटेंशन में पीएचईडी व एलएंडटी की पेयजल सप्लाई की पाइप लाइन ही नहीं है तो यहां पर पेयजल सप्लाई कौन कर रहा है। अगर इस कॉलोनी में पेयजल कनैक्शन अवैध है तो इसे लगाने वालों को सरंक्षण किसने दिया।
