Breaking News

सरकार ने एक साल में अर्जित की असाधारण उपलब्धियां: डिप्टी सीएम

सरकार ने एक साल में अर्जित की असाधारण उपलब्धियां: डिप्टी सीएम
– विधायक बिहाणी ने डिप्टी सीएम व मंत्रियों का किया अभिनंदन
– एक हजार करोड़ रूपये के विकास कार्यों के शिलान्यास-लोकार्पण
– एसडी बिहाणी खेल मैदान में आयोजित हुआ अभिनंदन समारोह

श्रीगंगानगर। राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के क्षेत्र में नई ऊचांईयों को छुएगा। राजस्थान हर क्षेत्र में उल्लेखनीय तरक्की कर रहा है। बैरवा शनिवार को गंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी द्वारा एसडी बिहाणी कॉलेज खेल मैदान में आयोजित वर्तमान सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को लगभग एक वर्ष पूरा हुआ है लेकिन एक वर्ष में असाधारण उपलब्धियां अर्जित की हैं। सरकार आम जनता की निष्ठा के साथ सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि गत एक वर्ष में 1.24 लाख नौकरियां और नौकरियों में पारदर्शिता के लिये विशेष टास्क का गठन किया है। राजस्थान की सबसे बड़ी परियोजना ईआरसीपी की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 45 हजार करोड़ रूपये की राशि खर्च होगी, जिससे राजस्थान के 21 जिले सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में जिस तरह से बड़ी-बड़ी परियोजनाएं मूर्त रूप लेंगी, उससे आमजन का जीवन बदलेगा। उन्होंने राईजिंग राजस्थान का जिक्र करते हुए कहा कि आयोजन के दौरान 35 लाख करोड़ रूपये के एमओयू हुए है। राजस्थान में उद्योग धंधे लगने से राजस्थान को आर्थिक गति मिलेगी, वहीं पर युवाओं को रोजगार मिलेगा। वर्तमान सरकार द्वारा किसान कल्याण, फसल बीमा, नवीन कृषि तकनीक, गरीबों को आवास, महिला सशक्तिकरण, सबको शिक्षा सबको चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। राजस्थान सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा है, जिसमें गंगानगर भी सम्मिलित है। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि वर्तमान सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है। हमारी सरकार जनता के प्रति जवाबदेह सरकार है। प्रधानमंत्री व राजस्थान के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान निरन्तर प्रगति कर रहा है। हमारा उद्देश्य राजस्थान के अंतिम पक्ति में बैठे गरीब नागरिकों का उत्थान करना है।
उद्योग राज्यमंत्री केके बिश्नोई ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार संकल्प के साथ जनता की सेवा के लिये काम कर रही है। सरकार द्वारा चुनाव के समय जो संकल्प पत्र तैयार किया गया था, उसमें से 50 प्रतिशत घोषणाओं को पूरा कर लिया गया है। इस बार राजस्थान का बजट ऐतिहासिक रहा है। राईजिंग राजस्थान एक उगते सूरज की तरह है, जो राजस्थान को एक नई दिशा देगा। पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिये टास्क फोर्स का गठन किया गया है और भ्रष्टाचार को रोकने के लिये कड़े कदम उठाये गये हैं। उन्होंने ईआरसीपी परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह राजस्थान के लिये वरदान साबित होगी। इस बड़ी परियोजना के लिये देश के प्रधानमंत्री नौ दिन में दो बार राजस्थान की यात्रा पर आये।
पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री निहालचंद ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में अभूतपूर्व विकास के कार्य सम्पादित हुए हैं। राईजिंग राजस्थान हो या ईआरसीपी जैसी वृहद परियोजना, ये दोनों परियोजनाएं राजस्थान की दशा व दिशा बदलने वाले परियोजनाएं व कार्यक्रम हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने भी इस जिले के विकास के लिये बड़ी-बड़ी परियोजनाएं की स्वीकृतियां दी हैं। रेल के क्षेत्र में, सडक़ विकास, भारत माला में भी यह जिला अग्रणी है तथा अमृत योजना में इस जिले के तीन-तीन रेलवे स्टेशन सम्मिलित किये गये हैं। मेडिकल कॉलेज सहित अनेक बड़ी परियोजनाएं इस जिले को मिली हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान की केन्द्र व राज्य सरकार विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी तथा युवाओं को रोजगार देने के लिये अहम कदम उठाये जा रहे हैं। गंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी ने राजस्थान मंत्रिमंडल के मंत्रियों का स्वागत करने से पूर्व शुक्रवार को जयपुर दुखांतिका पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने गत एक वर्ष में जिस तेज गति से जो काम किये हैं, उतने काम पिछली सरकार पांच वर्ष में नहीं कर सकी। अकेले गंगानगर विधानसभा में एक हजार करोड़ रूपये के निर्माण व विकास कार्य प्रगतिरत हैं। चिकित्सा, शिक्षा, सौन्दर्यकरण, जल निकासी, बिजली, फिरोजपुर फीडर, मिनी सचिवालय सहित अनेक निर्माण व विकास के कार्य सम्मिलित हैं। बिहाणी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में सरकार द्वारा 35 लाख करो? रूपये के एमओयू राईजिंग राजस्थान के तहत किये गये। वर्तमान सरकार ज्यादा सोचने के बजाय काम करने में विश्वास रखती है। वर्तमान सरकार प्रथम वर्ष से ही सबके विकास के लिये सकारात्मक सोच के साथ काम कर रही है। विकास कार्यों का ही नतीजा है कि आज राजस्थान सरकार के मंत्रिमंडल का एक समूह गंगानगर में है, जिनका गंगानगर की जनता की ओर से विकास के लिये अभिनंदन किया गया है।
इससे पूर्व जयपुर से आये मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा, संसदीय कार्य विभाग, विधि एवं विधिक कार्य और विधि परामर्शी मंत्री जोगाराम पटेल, गृह, गौपालन, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य विभाग राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक, उद्योग एवं वाणिज्य, युवा मामले खेल विभाग राज्यमंत्री के.के बिश्नोई, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत सहित अन्य ने मां भारती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड, विधायक हरलाल सहारण, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी, यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक, पूर्व विधायक रामप्रताप कासनिया, प्रदीप धेरड़, रमजान अली चौपदार, महेन्द्र सिंह सोढ़ी, महेश पेड़ीवाल, श्रीमती चेष्टा सरदाना, सीताराम मोर्य, जिला प्रमुख श्रीमती कविता, सतपाल कासनिया, अनवर अली, श्रीमती प्रियंका बैलान, श्रीमती पूजा छाबड़ा सहित अन्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजन के लिये विधायक जयदीप बिहाणी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़, शरणपाल सिंह मान, पूर्व विधायक बलवीर लूथरा, विजेन्द्र पूनिया, नरेन्द्र साहू, आत्माराम तरड़, रतन गणेशगढिय़ा, सारिका चौधरी, हाकम सिंह गिल, आशुतोष नागपाल, मधुसूदन बिहाणी, हनुमान गोयल, बहादर चंद नारंग, जुगल डूमरा, श्याम धारीवाल, अजय नागपाल, श्रीमती गुलाब सीवर, ओम प्रकाश कालवा, मनीष गर्ग सहित गणमान्य नागरिक व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *