Breaking News

लोक परिवहन बस की टक्कर से कार सवार एक नवदंपति की मौत, दूसरा घायल

लोक परिवहन बस की टक्कर से कार सवार एक   नवदंपति की मौत, दूसरा घायल
बीकानेर- श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाईवे पर सुबह सवेरे हादसा
मृतक युवक हरियाणा पुलिस का सिपाही, मृतक पत्नी नर्स
श्रीगंगानगर 21 दिसंबर। बीकानेर जिले में बीकानेर- श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाईवे पर सैरूणा थाना क्षेत्र के गांव झेंझुऊं के पास आज सुबह सवेरे कोहरे के कारण लोक परिवहन सेवा की बस तथा एक कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई।कार में सवार एक नवदंपति की मृत्यु हो गई और दूसरा दंपति घायल हो गया। सैरुणा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान अजय सिंह (30) और उसकी पत्नी रितु (28) निवासी महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है।घायल हुआ दंपति अभिषेक (28) और नचिता (26) है जो कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के ही रहने वाले हैं।मृतक अजयसिंह हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल था।उसकी पोस्टिंग गुरुग्राम में थी। उसकी पत्नी रितु भी सरकारी नर्स थीं। इन दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सुबह जब यह हादसा हुआ तो पास में ही एक सोलर प्लांट के ट्यूबवेल पर मौजूद कृष्ण नामक व्यक्ति भाग कर आया। उसी ने ही कार में सवार दोनों दंपतियों को बाहर निकाला। इस बीच वहां अन्य लोग भी इकट्ठे हो गए। घायलों को तुरंत ही बीकानेर पीबीएम हॉस्पिटल के लिए रवाना कर दिया गया। यह दुर्घटना श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर की तरफ लगभग 22 किमी की दूरी पर हुई।प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है कि सुबह कोहरा होने के कारण आमने-सामने से आ रहे वाहनों के चालकों को दिखाई नहीं दिया,जिसकी वजह से टक्कर हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों नवदंपति नव वर्ष के आगमन पर इंजॉय करने के लिए 10 दिन के राजस्थान टूर पर निकले थे। बीकानेर होते हुए उन्होंने जोधपुर और जैसलमेर आदि शहरों में जाना था। पुलिस ने मृतक दंपति के परिवार वालों के आने पर शव पोस्टमार्टम करवा कर उनके सुपुर्द कर दिए। घायल दंपति की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उनकी हालत में सुधार भी हो रहा है।
बॉक्स न्यूज़
पिकअप बस भिड़ंत में पांच बच्चों सहित 6 घायल
श्रीगंगानगर 21 दिसंबर। चुरू जिले में आज सुबह घने कोहरे के कारण चुरू-सरदारशहर मार्ग पर रामपुर बिस और खारिया गांव के बीच एक प्राइवेट स्कूल की बस तथा चारा लेकर जा रही पिकअप गाड़ी में टक्कर हो गई।स्कूल बस में सवार पांच बच्चे घायल हो गए जबकि पिकअप में भी सवार एक युवक घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चूरू के एक प्राइवेट स्कूल की बस गांव रामपुरा बास और खारिया से बच्चों को लेकर चूरू आ रही थी। उक्त गांव के बीच एक जगह बस को चालक बैक करने लगा, तभी पीछे से पिकअप गाड़ी टकरा गई। दोनों वाहनों में टक्कर होने पर इस हाइवे पर अन्य वाहन रुक गए।लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और चूरू के डीबी हॉस्पिटल में भिजवाया। घायलों में गांव रामपुरा बास निवासी आदित्य (14), विनय (11),प्रिंस (6),राजपाल (11),पीयूष (12)तथा पिकअप में सवार हमीरवास निवासी भूपेंद्र (21) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार पिकअप गाड़ी में चार लड़कर झुंझुनू ले जाया जा रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर प्राइवेट स्कूल के प्रबंधक और बच्चों के अभिभावक तुरंत ही दब अस्पताल पहुंचे। घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे के संबंध में पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *