Breaking News

भाजपा नेता को राजनीति छोड़ देने की धमकी

भाजपा नेता को राजनीति छोड़ देने की धमकी
रकम देने के लिए भी धमकाया,गुठली गैंग पर शक
श्रीगंगानगर, 21 दिसंबर। श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर में एक पार्षद के पुत्र एवं भाजपा नेता को फोन पर धमकी दी गई है। धमकी देने में एक कुख्यात गुठली गैंग पर शक किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पदमपुर में आढत के व्यापारी एवं पार्षद महेशपाल ब्राह्मण के पुत्र यतिन शर्मा(35) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर रघुवीर सिंह भाटी निवासी बीकानेर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार यतिन शर्मा ने दर्ज करवाए मुकदमे में बताया है कि वह 19 दिसंबर की रात को अपने घर पर था। रात्रि लगभग 11 बजे उसके मोबाइल पर कॉल आई जिसे रिसीव किया तो फोन करने वाले ने अपना नाम रघुवीर सिंह भाटी निवासी बीकानेर बताते हुए कहा कि वह उससे मिलना चाहता है। यतिन के अनुसार जब उसने पूछा कि आप कौन बोल रहे हो तो वह गालियां निकालना और धमकाने लगा कि तुम राजनीतिक करना छोड़ दो। नहीं तो मैं तुम्हारी टांगे तोड़ दूंगा। वह जान से मारने की धमकी देने लगा। यतिन के अनुसार उसने उक्त व्यक्ति को समझाया लेकिन वह नहीं माना तथा लगातार जान से मारने की धमकियां देता रहा तो उसने फोन काट दिया।बाद में उसने उक्त व्यक्ति को फोन करके पूछा कि- सही बताओ कि आप कौन हो, कहां रहते हो और जान से मारने की धमकी क्यों दे रहे हो तो रघुवीर सिंह भाटी नामक इस व्यक्ति ने उसे फिर धमकाते हुए कहा कि तेरे को जो कहता हूं, वह रकम दे देना। नहीं तो सोच लेना तेरे को पता नहीं कि मैं गुठली गैंग का सदस्य हूं। यतिन शर्मा ने इस धमकी को देखते हुए अपनी जान-माल को खतरा होने का अंदेशा व्यक्त किया है। पुलिस ने जिस नंबर से धमकी दी गई,उसकी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक यतिन शर्मा का बीकानेर में भी कारोबार है। मामले की जांच थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र राणा खुद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *