Breaking News

ट्रेडर्स एसोसिएशन चुनाव आज, तैयारियां मुकम्मल

ट्रेडर्स एसोसिएशन चुनाव आज, तैयारियां मुकम्मल
सीसीटीवी कैमरे लगाए, फोटो युक्त कार्ड लाना होगा
श्रीगंगानगर 21 दिसंबर। दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव कल रविवार को होगा। स्थानीय नई अनाज मंडी में एसोसिएशन भवन में मतदान और मतगणना संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव अधिकारियों रामावतार महिपाल, गुरबख्श सिडाना और जयप्रकाश बैरड ने बताया कि एसोसिएशन भवन के अंदर तथा बाहर 4 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें दो कैमरे वोट डालने के लिए अंदर जाने और वोट डालकर बाहर आने वाले गेटों पर तथा दो कैमरे अंदर हाल में लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से मतदान और मतगणना पर नजर रखी जाएगी। कुल मतदाताओं की संख्या 918 है। मतदाताओं को फोटो युक्त कार्ड एसोसिएशन की ओर से दिए जाएंगे। यह कार्ड लाने वाले को ही अंदर आने दिया जाएगा। फोटोयुक्त कार्ड बनाने का कार्य भी मुकम्मल कर लिया गया। अध्यक्ष पद के लिए भूपेंद्रपाल आहूजा और जगदीशचंद्र बंसल में मुकाबला है। भूपेंद्रपाल आहूजा सात बार इस एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी रह चुके हैं। वह पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।जगदीशचंद्र बंसल भी पहली बार मैदान में उतरे हैं।आहूजा को वर्तमान अध्यक्ष धर्मवीर डूडेजा का समर्थन प्राप्त है तो जगदीशचंद्र बंसल को पूर्व अध्यक्ष विपिन अग्रवाल का गुट समर्थन दे रहा है। दोनों में ही जबरदस्त मुकाबला है। जीत-हार का अंतर काफी कम रहने की संभावना है। कोषाध्यक्ष पद के लिए भी  सुशील सिंगला और शुभम अरोड़ा में सीधी टक्कर है। इनमें भी मुकाबला कड़ा रहने का कयास हैं। गौरव मुंडा वाला सचिव, अमरसिंह मंडा प्रथम उपाध्यक्ष, अमित झाझडिया द्वितीय उपाध्यक्ष तथा नमन गर्ग सहसचिव पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। 13 वार्ड मेंबर में से 10 वार्ड मेंबर भी निर्विरोध चुने गए हैं। तीन वार्ड रिक्त रह गए हैं।इन वार्डो से मेंबर नवनिर्वाचित अध्यक्ष और कार्यकारिणी मनोनीत करेगी। उल्लेखनीय है कि कल मतदान और मतगणना के समय सभी मतदाताओं तथा अन्य व्यापारियों के लिए सुबह का नाश्ता दोपहर का खाना और शाम की चाय आदि का शानदार बंदोबस्त चुनाव अधिकारियों द्वारा ही किया जाएगा। चुनाव अधिकारी इसका खर्च नामांकन पत्रों से इकट्ठा हुए लगभग तीन लाख के फंड से करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *