Breaking News

एक साल की विफलताओं और कमजोरियों को छुपाने के लिए भजन सरकार मान रही है झूठा जश्न: कांग्रेस

एक साल की विफलताओं और कमजोरियों को छुपाने के लिए भजन सरकार मान रही है झूठा जश्न: कांग्रेस

पूर्ववर्ती सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को बंद करने या नाम बदलने के सिवा कुछ नहीं किया भाजपा सरकार ने

श्रीगंगानगर,24 दिसंबर।  कांग्रेस ने कहा है कि प्रदेश की भजनलाल सरकार बीते 1 वर्ष की अपनी विफलताओं तथा कमजोरी को छुपाने के लिए झूठ जश्न मना रही है। जश्नों पर आम लोगों से टैक्स के करोड़ों रुपए भाजपा सरकार पानी की तरह बहा रही है।धरातल पर इस सरकार ने बीते एक वर्ष के दौरान ऐसा कुछ नहीं किया जिससे कि आम लोगों को कोई राहत मिल सके। स्थानीय सुखाडिया सर्किल के समीप एक होटल में आज दोपहर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सादुलपुर (चूरू) से पूर्व विधायक, पदमश्री श्रीमती कृष्णा पूनिया, सांसद कुलदीप इंदौरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी, प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी जिया उर्र रहमान तथा विधायक श्रीमती शिमला देवी नायक ने भाजपा सरकार को खूब आडे हाथों लिया।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस विपक्ष के रूप में अपनी सशक्त और अहम भूमिका निभा रही है। जनता के हर मुद्दे पर सरकार के खिलाफ सड़क से संसद तक की लड़ाई लड़ी जा रही है। श्रीमती कृष्णा पूनिया ने कहा कि मुद्दा चाहे बिजली का हो या पानी का अथवा किसानों को सिंचाई के लिए पानी दिए जाने का भजनलाल सरकार ने हर मामले में जनता को निराश तथा हताश किया है। कानून व्यवस्था की बदहाली का आरोप लगाते हुए श्रीमती पूनिया ने कहा कि दिनों दिन हालत बिगड़ रहे हैं।महिलाओं और बच्चियों से दुष्कर्म की घटनाओं में एक का एक बड़ा इजाफा हुआ है। भाजपा संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर धक्का-मुक्की का झूठा मुकदमा दर्ज करवा कर पूरे देश का ध्यान जनता के वास्तविक और ज्वलंत मुद्दों से हटना ही नहीं चाहती बल्कि उनसे भागने की फिराक में है लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। पूरी कांग्रेस एकजुटता से राहुल गांधी के साथ है। भजन सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार की जल कल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलने अथवा उनका बंद करने के सिवा कुछ नहीं किया।जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने भी किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने का मुद्दा बड़ी शिद्दत से उठाते हुए कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि श्रीगंगानगर जिले के लिए नवंबर-दिसंबर के महीनों में भी पंजाब से फसलों के पकाव के लिए पूरा पानी लेने में प्रदेश की भाजपा सरकार बुरी तरह से नाकाम साबित हुई है। सिंचित जल संकट को लेकर किसान लगातार आंदोलन व धरने प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन इसका सरकार पर कोई असर नहीं पड रहा। उन्होंने कानून व्यवस्था की स्थिति,विशेषकर श्रीगंगानगर शहर के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि 15 दिन में तीन युवकों को कत्ल कर दिया गया। एक कत्ल के तो मुलजिम अभी तक पकड़े ही नहीं गए हैं।दूसरे कत्ल में मारे गए युवक ने दम तोड़ने से पहले वीडियो में काफी कुछ बोला है। उन्होंने इस वीडियो में जिनके नाम लिए गए हैं, उनकी इस कत्ल में भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाजपा विधायक ने वादा किया था कि नशाखोरी को समाप्त किया जाएगा लेकिन नशाखोरी न केवल दोगुना बढ़ गई है बल्कि आए दिन नशे की लत में पड़े युवकों की मौते हो रही हैं। विधायक बिहानी ने कभी भी श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र का कोई भी मुद्दा विधानसभा में नहीं उठाया। वे विधानसभा में एक बार भी नहीं बोले हैं। युवा वर्ग स्थाई सरकारी नौकरी नहीं मिलने से हताश तथा परेशान है।प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी जिया उर्र रहमान ने  जनता ने एक वर्ष में ही भाजपा सरकार को नाकार दिया है। पिछले हफ्ते स्थानीय भाजपा विधायक बिहाणी ने एक वर्ष पूर्ण होने पर समारोह का आयोजन किया। समारोह में एक उपमुख्यमंत्री सहित 6 मंत्री आए और खाली कुर्सियों को संबोधित कर चले गए। समारोह में ढाई सौ लोग भी नहीं थे। भजनलाल सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल का निचोड़ यह है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था सबसे खराब स्थिति में पहुंच गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ ने हाल ही राज्य सरकार द्वारा जयपुर के एक आलीशान होटल में आयोजित की गई राजस्थान राइजिंग कॉन्फ्रेंस पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों पर दबाव डालकर लाखों करोड़ों रुपए के एमओयू पर हस्ताक्षर करवाए हैं।धरातल पर इन एमओयू की कोई वैल्यू नहीं है।  इस कांफ्रेंस पर करोड़ों रुपए बहा दिए गए। सरकार को पब्लिक के सामने लाना चाहिए कि इस आयोजन पर कितना पैसा खर्चा हुआ है। सांसद कुलदीप इंदौरा ने बताया कि संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर संसद में जब इस पर चर्चा करवाई जा रही थी तो वे उसे समय संसद में ही मौजूद थे, जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संविधान निर्माता डॉ बी आर अंबेडकर के बारे में बहुत ही अपमानजनक व अमर्यादित टिप्पणी कर रहे थे। उनकी यह टिप्पणी परिलक्षित करती है कि भाजपा और उसके नेताओं के दिलों में संविधान के प्रति कितनी घृणा भरी हुई है। भाजपा और  अमित शाह को डॉ आंबेडकर के अपमान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।विधायक शिमला देवी नायक एडवोकेट ने कहा कि भाजपा नेता बार-बार दलितों का अपमान कर रहे हैं। इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक राजकुमार गौड, युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष करण सहारण, जिला कांग्रेस के संगठन महामंत्री श्याम शेखावटी,कोषाध्यक्ष नरेश सेतिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भीमराज डाबी, उपाध्यक्ष धर्मपाल झोरड आदि वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *