हाईवे पर भीषण दुर्घटना: मोटरसाइकिल सवार युवक और बालिका की मौत, युवक समेत दो घायल
ताखरांवाली बस अड्डे के पास हुआ हादसा
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर- सूरतगढ़ रोड नेशनल हाईवे 62 पर लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में गांव ताखरांवाली के बस अड्डे के पास एक भीषण दुर्घटना में एक युवक और एक बालिका की मृत्यु हो गई जबकि एक युवक समेत दो घायल हो गए। मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार हैं। यह चारों एक मोटरसाइकिल पर सवार थे।किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से यह हादसा हुआ। डीएसपी (ग्रामीण) राहुल यादव ने बताया कि कल शाम करीब 6:30 बजे हुई इस दुर्घटना में मृतकों की पहचान इंद्राज नायक (35) निवासी पठानवाला और मानवी (12)पुत्री विजयपाल निवासी चक 11-एलएनपी ख्यालीवाला के रूप में हुई है। घायलों में सुनील (30) निवासी घमंडिया थाना सूरतगढ़ सदर और मृतका मानवी का भाई विशाल(08) शामिल हैं। सुनील की हालत काफी गंभीर है। वह एक प्राइवेट हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है। बालक विशाल की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि मृतक इंद्राज और मानवी रिश्ते में फूफा-भतीजी हैं। सुनील मृतक इंद्राज का रिश्ते में साढू लगता है। इंद्राज और सुनील दोनों बच्चों को कल शाम मोटरसाइकिल पर गांव घमंडियां लेकर जा रहे थे। स्कूलों में शीतकालीन अवकाश होने पर दोनों बच्चे अपने मामा सुनील के साथ अपने ननिहाल घमंडियां जा रहे थे। इनके पास एक हेलमेट भी था। उन्होंने बताया कि मानवी की श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल में कल देर शाम को मृत्यु हो गई जबकि इंद्राज ने आज सुबह बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में दम तोड़ा। ख्यालीवाला निवासी विजयपाल नायक द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन के चालक पर लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।दोनों मृतकों के शव आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए गए। मृतक इंद्राज खेतीबाड़ी करता था।
दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया
डीएसपी राहुल यादव और थाना प्रभारी संजयसिंह राठौड़ ने आज सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया। कल शाम हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की। डीएसपी के अनुसार शाम 6:30 बजे जब यह हादसा हुआ। वहीं से गुजर रहे सुनील तायल नामक व्यक्ति ने आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस को 6.32 बजे फोन किया। एंबुलेंस कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल में लाया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय उक्त मोटरसाइकिल के पीछे एक ट्रैक्टर ट्राली तथा एक बोलेरो गाड़ी भी आ रही थी। इनमें सवार व्यक्तियों ने घायलों को संभाला और अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल का निरीक्षण करने और लोगों से पूछताछ करने के बाद पुलिस का अनुमान है कि जब मोटरसाइकिल एक वाहन को ओवरटेक कर रहा था, तभी पीछे से एक और वाहन आ गया, जिसकी टक्कर लगने से मोटरसाइकिल जिस वाहन को ओवरटेक कर रहा था, उससे टकरा गया और उस पर सवार उक्त चारों जने घायल हो गए। डीएसपी के अनुसार जिस वाहन की टक्कर लगी और जिस दूसरे वाहन से मोटरसाइकिल टकराया, दोनों ही वहां नहीं रुके। दोनों वाहनों को चालक भगा ले गए।उन्होंने बताया कि इन वाहनों का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं।
कार की टक्कर से घायल बुजुर्ग की मृत्यु
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में एक अज्ञात काले रंग की कर की टक्कर लगने से घायल हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।दुर्घटना की जांच करें एएसआई अजीतसिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 56 के सुरेशिया मोहल्ला का निवासी मोहम्मद मुस्ताक (63) विगत 20 दिसंबर को सुरेशिया मोहल्ला में ही 100 फीट रोड पर पैदल जाते समय एक काले रंग की कार की टक्कर लगने से गंभीर घायल हो गया था। उसके हाथ,पैर पसलियों और कमर में काफी गंभीर चोटे लगी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मोहम्मद मुस्ताक को बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था,जिसकी कल मृत्यु हो गई। उसके पुत्र सलीम खान द्वारा दी गई रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद मोहम्मद मुस्ताक की लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। उन्होंने बताया कि अभी तक टक्कर मारने वाली कार का पता नहीं चला।
