इंस्टाग्राम पर किशोरी की फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो वायरल करने का मामला
श्रीगंगानगर 25 दिसंबर। केसरीसिंहपुर में 14 वर्षीय एक किशोरी की इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो वायरल करने का एक मामला सामने आया है।पुलिस के अनुसार किशोरी के पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66-ई,67-बी और पोक्सो एक्ट की धारा 13/14 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को रिपोर्ट देते हुए उक्त शख्स ने बताया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी 14 वर्षीय बेटी के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना रखी है,जिस पर वह अश्लील फोटो वायरल कर उसे और उसके परिवार को बदनाम कर रहा है।इस कारण उसकी पुत्री और उसके परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच थानाधिकारी सीआई जितेंद्र स्वामी कर रहे हैं। पुलिस की साइबर टीम पता लगाने में जुट गई है कि इंस्टाग्राम पर उक्त आईडी किस आईपी एड्रेस से जनरेट की गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी का जल्दी ही पता लगा लिया जाएगा।
