Breaking News

विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर क्षेत्र में पुलिस की धर पकड़ जारी

विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर क्षेत्र में पुलिस की धर पकड़ जारी
अब तक 200 से अधिक मोटरसाइकिल सीज
अधिकांश मोटरसाइकिल मॉडिफाइड बुलेट
श्रीगंगानगर, 25 दिसंबर। बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश पासवान द्वारा पिछले हफ्ते श्रीगंगानगर का दौरा करने के दौरान विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर क्षेत्र के लोगों ने खुलकर शिकायत की थी कि इस इलाके में पीजी हॉस्टल्स तथा कोचिंग सेंटर्स में पढ़ाई करने वाले तथा पढ़ाई करने के नाम पर आवारा गर्दी और गुंडागर्दी करने वालों ने नाक में दम कर रखा है। इनके खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने की मांग की गई थी। पुलिस महानिरीक्षक के कड़े निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में कोतवाली पुलिस द्वारा पिछले रविवार से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाल सीआई पृथ्वीपालसिंह ने बताया कि बीते तीन-चार दिनों में इस इलाके में अनावश्यक रूप से मोटरसाइकिलों पर घूमने वाले मनचले किस्म के युवकों पर कार्रवाई की जा रही है। उनके मोटरसाइकिलों के कागजात चेक किया जा रहे हैं।कागजातों में कमी अथवा पूरे कागजात नहीं पाए जाने पर मोटरसाइकिल सीज किये जा रहे हैं।अभी तक 200 से अधिक मोटरसाइकिलों को सीज किया गया है।इनमें से कुछ मोटरसाइकिलों को उसके सभी कागजात पेश करने पर छोड़ भी गया है। जिनके कागजात पेश नहीं किए गए हैं, वे थाने में जब्त करके खड़े किए हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक सीज किए गए मोटरसाइकिलों में ज्यादातर मोडिफाइड किए हुए बुलेट मोटरसाइकिल हैं। मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल को मनचले युवक गलियों में बार-बार तेजी से दौड़ाते हैं और पटाखे बजाते हैं। बकौल पुलिस मोटरसाइकिल को मोडिफाइड करना परिवहन नियम-कायदों के खिलाफ है। मॉडिफाइड मोटरसाइकिल को जब्त करने के बाद छोड़ने पुलिस के हाथ में नहीं है। इसके लिए अदालत में दरखास्त पेश करनी होती है। इसी वजह से थाने में खड़े किए मोटरसाइकिलों में ज्यादातर बुलेट मोटरसाइकिल है। इन मोटरसाइकिलों को छुड़वाने के लिए युवक अब भाग दौड़ कर रहे हैं। मोटरसाइकिल को छोड़ने में किसी की सिफारिश भी काम नहीं आ रही क्योंकि पुलिस महानिरीक्षक कड़े निर्देश दे कर गए हैं कि उनकी इजाजत के बिना किसी का मोटरसाइकिल ऐसे ही नहीं छोड़ा जाएगा। पुलिस की इस कार्यवाही से दुर्गा मंदिर,आदर्शनगर,विनोबा बस्ती,मुखर्जीनगर, नेहरू पार्क, एच तथा पी ब्लॉक एरिया में तीन-चार दिनों से मनचले युवकों की हरकतों में कमी आई है। लोग राहत की सांस ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस को यह दबाव बनाए रखना होगा नहीं तो फिर से वही सिलसिला शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *