Breaking News

हाईवे पर कैंटनर और ट्रक में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौत

हाईवे पर कैंटनर और ट्रक में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौत
श्रीगंगानगर 27 दिसंबर। बीकानेर जिले में बीकानेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में बिग्गावास-रामसरा के बीच आज सुबह 7:30 बजे कैंटनर और ट्रक में आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। कैंटनर के चालक और खलासी की इस भीषण दुर्घटना में मृत्यु हो गई जबकि ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।श्रीडूंगरगढ़ थाना में एएसआई रविंदरसिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान मांगीराम (25)निवासी हीरानगर सोभणा जैतमाल गुढामालानी सिणधरी जिला बालोतरा तथा धर्माराम (22) निवासी लाखासर,थाना चौहटन जिला बाड़मेर के रूप में हुई है। यह दोनों जयपुर से ट्रक में मूंगफली लादकर बीकानेर की ओर जा रहे थे जबकि बीकानेर से कैंटनर टाइल्स लेकर जयपुर की तरफ जा रहा था। इस ट्रक में सवार इसहाक खान निवासी रतननगर जिला चूरु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बीकानेर के पीएम हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि यह भीषण दुर्घटना हाईवे पर एक वाहन को ओवरटेक करते समय दोनों वाहनों के आमने-सामने पूरी गति से टकराने से हुई है। दोनों वाहनों में सवार चालक और खलासी बुरी तरह से फंस गए,जिनको लोगों ने बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। दोनों वाहनों में लदा सामान हाईवे पर बिखर गया।घटनास्थल पर श्रीडूंगरगढ़ की एक सामाजिक संस्था के कार्यकर्ता भी पहुंचे। उन्होंने भी वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में काफी मदद की। मगर कैंटनर में सवार उक्त दोनों युवकों को बचाया नहीं जा सका। इसहाक खान को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रैफर कर दिया गया। एएसआई रविंदरसिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव श्रीडूंगरगढ़ के सरकारी अस्पताल में रखवा गए हैं। उनके परिवारजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। दुर्घटना का मामला दर्ज करने की कार्यवाही भी चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *