बठिंडा से ट्रक में बीकानेर ले जाई जा रही 17 लाख की अवैध शराब जब्त चालक गिरफ्तार
श्रीगंगानगर 28 दिसंबर। हनुमानगढ़ जिले में मेगा हाईवे पर जिला आबकारी विभाग ने एक ट्रक में अवैध रूप से ले जाई जा रही लगभग 17 लाख रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त की है। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ टाउन- रावतसर मेगा हाईवे पर आज सुबह सवेरे आबकारी विभाग की एक टीम ने बीकानेर की ओर जा रहे एक ट्रक को रोक कर चेक किया। ट्रक में 200 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसका बाजार मूल्य लगभग 17 लाख रुपए आंका गया है। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के अनुसार ट्रक के चालक अब्दुल मजीद निवासी झांबा तहसील एवं जिला फलोदी को आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर की गई पूछताछ में पता चला कि अब्दुल मजीद पंजाब के बठिंडा शहर से ट्रक में शराब लड़कर अवैध रूप से बीकानेर ले जा रहा था। जानकारी के मुताबिक बीकानेर पहुंचने पर उसे फोन पर निर्देश मिलना था कि आगे शराब कहां ले जाकर किसके सुपुर्द करनी है। कुल 200 पेटियों में 2400 बोतल शराब बरामद हुई है। आबकारी निरोधक पुलिस अब्दुल मजीद के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल को चेक कर शराब तस्करों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
