श्रीगंगानगर के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट
जनमार्ग न्यूज
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का असर सोमवार को नजर आया। रविवार को पूरा दिन कोहरे के असर के बाद रात को चली हवा से कोहरा तो कम हो गया, लेकिन सर्दी का असर तेज हो गया। शनिवार को जहां न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस था वहीं रविवार को यह 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया यानी तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। वहीं अधिकतम तापमान भी घटा है। इसी के असर से सर्दी लगातार तेज होती जा रही है। शहर में सोमवार को दिन की शुरुआत से तेज सर्दी से लोग परेशान होते दिखे। कामकाज की तलाश में निकले लोग सुबह सडक़ों किनारे अलाव तापते रहे। वहीं स्टूडेंट्स ठिठुरते हुए कोचिंग सेंटर्स पर पहुंचे। शहर में विजिबिलिटी क्लीयर थी। सर्दी के चलते सोमवार सुबह दूध और सब्जी बेचने निकले लोग बचाव के पूरे इंतजाम किए नजर आए। वहीं मौसम के विशेषज्ञ अब सर्दी का असर और तेज होने की बात कहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटे में सर्दी और तेज हो सकती है। इस दौरान हवा भी चलने की संभावना है। राज्य में एक जनवरी तक शीतलहर का असर रहेगा। मौसम केन्द्र के अनुसार अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर में कोहरे का साथ शीतलहर का असर रहेगा। मावठ के बाद श्रीगंगानगर इलाके में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में चार-चार डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आई है। रविवार को कोहरा बारिश सा बरसा। आसमान पर घने बादलों का डेरा होने से दिनभर सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए।
