नरसिंहपुरा खुली जेल से हत्या का उम्र कैदी फरार
श्रीगंगानगर। घमूडवाली थाना क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर की एक गौशाला में संचालित खुली जेल से हत्या का एक उम्रकैदी फरार हो गया है। पुलिस के अनुसार खुली जेल के मुख्य प्रहरी सतवीरसिंह ने रिपोर्ट दी है कि सजायाफ्ता कैदी अशोक मेघवाल (32) निवासी गली नंबर 15,मीरा चौक श्रीगंगानगर कल सोमवार सुबह की हाजिरी के समय जेल में उपस्थित नहीं था। उसका कुछ देर इंतजार भी किया गया, लेकिन उसका पता नहीं चला। जानकारी के अनुसार जेल कर्मियों ने अशोक मेघवाल का उसके घर परिवार वालों से भी पता लगाया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है।मुख्य प्रहरी द्वारा रिपोर्ट दिए जाने पर कल शाम अशोक मेघवाल के खुली जेल से फरार हो जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जिला जेल के अधीक्षक डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि अशोक मेघवाल को हत्या के एक मामले में 2016 में उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। जेल में अच्छे आचरण को देखते हुए उसकी खुली जेल में भेजे जाने की अनुशंसा प्राप्त हुई। अशोक को पहले टोंक जिले की एक ओपन जेल में भेजा गया था। वहां से इसी वर्ष फरवरी में नरसिंहपुर गौशाला ओपन जेल में उसे अपनी बाकी सजा पूरी करने के लिए भेजो गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार अशोक का मोबाइल फोन सोमवार सुबह से ही बंद है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
