Breaking News

पत्नी ने मंगलसूत्र वापस मांगा तो पति नहर पर साइकिल और मोबाइल छोड़कर गायब, पुलिस कर रही है तलाश

पत्नी ने मंगलसूत्र वापस मांगा तो पति नहर पर साइकिल और मोबाइल छोड़कर गायब, पुलिस कर रही है तलाश
गायब हुए शख्स को ऑनलाइन गेमिंग की लगी थी लत
श्रीगंगानगर
। पत्नी ने मंगलसूत्र वापस मांगा तो पति ने उसे फोन कर नहर पर आकर मंगलसूत्र ले जाने के लिए बुलाया। पत्नी नहर पर पहुंची तो पति का साइकिल और मोबाइल फोन मिला। वह खुद गायब था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि यह शख्स नहर में कूद गया है। मामला स्थानीय सदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार वैशालीनगर निवासी सुनीता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर आज सुबह उसके पति जितेंद्र यादव (40) के गुम हो जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर रहे हवलदार मूलाराम ने बताया कि जितेंद्र एक प्रिंटिंग प्रेस पर काम करता है। उसे मोबाइल फोन पर गेम खेलने की लत है। वह कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। कुछ दिन पहले वह पत्नी का मंगलसूत्र ले गया था। आशंका है कि उसने मंगलसूत्र बेच दिया या गिरवी रख दिया। इसके बदले में मिले रुपए उसने मोबाइल गेम खेलने में उड़ा दिए। पत्नी कुछ दिनों से मंगलसूत्र वापस मांग रही थी। जितेंद्र यादव कल बुधवार सुबह लगभग 9 बजे साइकिल लेकर घर से निकला था। इसके बाद 10:40 बजे फोन कर पत्नी को मंगलसूत्र लेने के लिए हनुमानगढ़ मार्ग पर नाथांवाली के नजदीक गंग कैनाल की बारहमासी नहर पर बुलाया। वहां जाने पर जितेंद्र का साइकिल तथा मोबाइल  मिला लेकिन खुद गायब था।इस पर जितेंद्र को उसके परिवार वाले तलाश करने लगे लेकिन कुछ पता नहीं चला। वह रात को भी घर नहीं आया। आज सुबह पत्नी ने थाने में रिपोर्ट दे दी। जांच अधिकारी ने कहा कि अभी बिल्कुल भी यकीन से नहीं कहा जा सकता की जितेंद्र नहर में छलांग लगा गया है या फिर मोबाइल और साइकिल नहर पर छोड़कर कहीं और चला गया है। उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल को चेक किया जा रहा है। जितेंद्र के दो बच्चे हैं।

अबोहर से आई युवती लापता
इस बीच पुरानी आबादी में अपने मां के पास आई हुई अबोहर (पंजाब)की एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। पुरानी आबादी पुलिस के अनुसार सरकारी स्कूल नंबर 7 के समीप रहने वाले एक शख्स ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसकी 19 वर्षीय भांजी बिना बताए कहीं चली गई।अबाहर में छोटी पौड़ी के समीप रहने वाली यह युवती कुछ दिनों से अपने मामा के यहां आई हुई थी। पुलिस ने गुमशुदगी की दर्ज कर जांच एएसआई प्रमोद कुमार वधवा के सुपुर्द की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *