पंजाब से 80 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब गुजरात ले जाते ट्रक का मालिक गिरफ्तार, खलासी भी काबू
– प्लास्टिक के कट्टों में भर रखे थे शराब के कार्टून
श्रीगंगानगर। पंजाब से लगभग 80 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब गुजरात ले जाते एक ट्रक के मालिक को खलासी सहित पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अमृतसर- जामनगर भारतमाला प्रोजेक्ट मार्ग पर पर बीकानेर जिले में लूणकरणसर थाना क्षेत्र में इस ट्रक को काबू किया गया, जिसमें अंग्रेजी के दो ब्रांड की शराब के 1060 कार्टून भरे हुए थे। लूणकरणसर थाना प्रभारी सीआई गणेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि लादूराम बिश्नोई (45) निवासी तेतरोल थाना चितलवाना जिला जालौर और दिनेश (25) निवासी रोहिला पश्चिम तहसील सेड़वा जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया है। लादूराम ट्रक का मालिक है, जो खुद ट्रक को चलता है। कल शाम दोनों लूणकरणसर थाना क्षेत्र में भारतमाला प्रोजेक्ट मार्ग पर एक साइड में ट्रक रोक कर खड़े थे। तभी पुलिस को इस ट्रक के बारे में सूचना मिली कि उसमें कोई संदिग्ध वस्तु लदी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें प्लास्टिक के कट्टे लदे हुए थे। प्रत्येक कट्टे में शराब के दो कार्टून थे। सभी कट्टों को खोलकर चेक किया गया तो कुल मिलाकर 1060 कार्टून अवैध अंग्रेजी शराब मिली। कट्टों में रॉयल चैलेंज और मैकडॉवेल व्हिस्की के कार्टून थे, जिनमें बोतले भरी हुई थीं। शराब का मूल्य लगभग 80 लाख रुपए आंका आ गया है।दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर खुलासा हुआ कि दोनों तीन-चार दिन पहले ट्रक लेकर हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली शहर गए थे। वहां पर इनका संपर्क पंजाब के शराब तस्करों से हुआ। पंजाब के तस्कर इनका ट्रक लेकर चले गए। लादूराम और दिनेश डबवाली के एक होटल में रुक गए। उनको दो दिन बाद शराब से लदा हुआ ट्रक लाकर दिया गया, जिसे गुजरात लेकर जाना था। पुलिस की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गुजरात बॉर्डर के समीप पहुंचने पर इस ट्रक को शराब तस्करों द्वारा भेजे जाने वाले एक अन्य चालक ने गुजरात लेकर जाना था। इस काम के बदले ट्रक मालिक लादूराम के साथ पंजाब के तस्करों ने एक अच्छी खासी रकम का सौदा किया था। इस ट्रक को पकड़ने में बीकानेर जिला पुलिस के साइबर सेल में तैनात एएसआई दीपक यादव की अहम भूमिका रही।
