कर्ज उतारने के लिए श्रीगंगानगर आकर हैरोइन बेचने लगा
– लगभग 30 ग्राम हैरोइन सहित गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। अलवर जिले का एक युवक अपना कर्ज उतारने के लिए श्रीगंगानगर में किराए का मकान लेकर अवैध रूप से हैरोइन बेचने लगा। उसे पंजाब के तस्करों ने श्रीगंगानगर जाकर माल बेचने का कहा, जिससे कि उसका कर्जा जल्दी उतार सके। स्थानीय पुरानी आबादी में किराए के एक मकान में रह रहे 30 वर्षीय युवक रिंकूसिंह रायसिख को थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ज्योति नायक की टीम ने कल रात लगभग 8 बजे सुखवंत पैलेस के पास काबू किया। उससे 29.86 ग्राम हैरोइन तथा वजन करने के लिए एक कंप्यूटर कांटा भी मिला। रिंकूसिंह अलवर जिले के मुबारिकपुर गांव का मूल निवासी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार रिंकूसिंह 6-7 महीने पहले पंजाब के आनंदपुर साहिब गया था। वहां वह अवैध रूप से हैरोइन सप्लाई करने वालों के संपर्क में आ गया।रिंकूसिंह ने उनको बताया कि उस पर काफी कर्ज चढ़ा हुआ है जिससे वह बड़ा परेशान है। पंजाब के तस्करों ने उसे श्रीगंगानगर जाकर हैरोइन बेचने के लिए कहा ताकि उसका कर्जा उतार सके। पंजाबी के तस्करों ने कहा कि श्रीगंगानगर में हैरोइन की बिक्री का खूब स्कोप है। उसका खूब माल बिकेगा और कर्ज भी जल्दी उतर जाएगा। इस पर रिंकूसिंह ने लगभग 5 महीने पहले पुरानी आबादी में आकर एक मकान किराए पर ले लिया और पंजाब के तस्करों से हैरोइन लाकर बेचनी शुरू कर दी।वह खुद अमृतसर जाकर माल लेकर आता था। कभी पंजाब के तस्कर उसे यहां आकर माल दे जाते थे। रिंकूसिंह के बारे में पुलिस को पिछले कई दिनों से गुप्त रूप से सूचनाएं मिल रही थीं। कल रात उसे हैरोइन बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।पुलिस उससे अमृतसर के हैरोइन सप्लायरों के बारे में पता लग रही है।उस पर दर्ज किए एनडीपीएस एक्ट मामले की आगे जांच सेतिया कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामेश्वरलाल को दी गई है।
