रिद्धि सिद्धि कॉलोनी का भूखंड खरीदने में प्रॉपर्टी डीलर ही धोखा खा गया, मुकदमा दर्ज करवाया
श्रीगंगानगर। रिद्धि सिद्धि कॉलोनी-7 में एक भूखंड खरीदने में खुद प्रॉपर्टी डीलर ही धोखा खा गया। प्रॉपर्टी डीलर ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अदालत के मार्फत कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार हिंदूमलकोर्ट मार्ग पर गांव कालियां में गुलमर्ग कॉलोनी निवासी सुरेश वधवा द्वारा अदालत में पेश किए गए इस्तगासा के आधार पर प्रेम नगर निवासी रोहित पुत्र अशोक धूडिया पर 3 लाख 50 हजार की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार सुरेश वधवा ने बताया है कि उसकी 45-जी ब्लॉक में माहिया ट्रेडर्स के नाम से फर्म है,जिस पर उसका बेटा पीयूष बैठता है। वह खुद प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। प्रॉपर्टी श्रीगंगानगर के नाम से व्हाट्सएप पर बने ग्रुप में पिछले वर्ष सितंबर महीने में एक मैसेज आया कि रिद्धि सिद्धि कॉलोनी-7 में एक भूखंड बिकाऊ है। मैसेज भेजने वाले से उसने इस भूखंड को लेकर बातचीत की। मैसेज करने वाले रोहित धूडिया ने बताया कि उक्त कॉलोनी में एक भूखंड उसके जीजा के नाम से है, जिसे उन्होंने बेचना है।दो दिन बाद ही इस भूखंड का 31 लाख 10 हजार रुपए में सौदा हो गया।सुरेश वधवा के अनुसार उससे रोहित धूडिया ने 10-12 दिन में सौदे की एवरेज में नगद अथवा ऑनलाइन कुल मिलाकर 3 लाख 50 हजार उससे ले लिए। रोहित ने यह राशि अपने परिवार की एक महिला के हार्ट में स्टंट डालने के ऑपरेशन के लिए जरूर होना बताकर ले ली।उन दिनों श्राद्ध चल रहे थे। रोहित ने कहा कि श्राद्ध निकलने के बाद वह भूखंड की लिखा-पढी करवा देगा। फिर उसने कई दिन अपने परिवार की महिला के ऑपरेशन के कारण टालमटोल कर दी। सुरेश वधवा के अनुसार रोहित ने उसे अपने जीजा का नंबर दिया जो कि स्विच ऑफ था। तब उसे लगा कि इस मामले में कोई गड़बड़ी है। इस बारे में 30 सितंबर 2024 को एक पंचायत की गई जिसमें रोहित ने अगले ही दिन 1 अक्टूबर को रकम वापस कर देने का भरोसा दिलाया। मगर अगले दिन उसने रुपए नहीं दिए बल्कि पुलिस थाने से उसके पास फोन आने लगे कि वह रोहित धूडिया को क्यों परेशान कर रहा है। सुरेश वधवा आरोप लगाया है कि रोहित धूड़िया ने भूखंड बेचने का झांसा देकर उसे 3 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए।
