Breaking News

श्रीगंगानगर में सिखों के विरोध के चलते इमरजेंसी मूवी के शो रद्द

श्रीगंगानगर में सिखों के विरोध के चलते इमरजेंसी मूवी के शो रद्द
– धर्म और संप्रदाय में नफरत पैदा करने वाली हर फिल्म का किया जाएगा विरोध: टिम्मा
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर में कल रात को सिखों के जबरदस्त विरोध के चलते विवादास्पद पद मूवी इमरजेंसी के शो रद्द कर दिए गए। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी(एसजीपीसी) की धर्म प्रचार कमेटी के अध्यक्ष तेजेंद्रपालसिंह टिम्मा ने कहा है कि धर्म और संप्रदाय में नफरत पैदा करने वाली हर फिल्म का इसी प्रकार जबरदस्त विरोध किया जाएगा। भाजपा सांसद कंगना राऊत अभिनीत मूवी इमरजेंसी श्रीगंगानगर में रिद्धि सिद्धि (प्रथम) कॉलोनी के पीवीआर और श्रीनाथ एनक्लेव में गोल्ड सिनेमा हॉल में कल शुक्रवार से दिखाई जा रही है। श्री टिम्मा के नेतृत्व में विभिन्न सिख जत्थेबंदियों के अनेक पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता कल रात पीवीआर और गोल्ड सिनेमा हॉल में मूवी का विरोध जताने पहुंचे। इसे देखते हुए मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद दोनों सिनेमा हॉल में फिल्म के शो रद्द कर दिए गए। श्री टिम्मा ने दावा किया है कि सिखों के विरोध के चलते दोनों सिनेमा हॉल में इस फिल्म के शो रद्द कर दिए गए। फिल्म देखने आए बहुत से दर्शकों को निराश होकर वापस जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में सिख कौम के खिलाफ बहुत ही गलत दृश्य दिखाए गए हैं। जिससे सिखों की छवि खराब हुई है। ऐसी किसी भी फिल्म का जबरदस्त विरोध किया जाएगा जो किसी भी धर्म या संप्रदाय में नफरत पैदा करती है। उन्होंने कहा कि भारत देश एक गुलदस्ते के मानिंद है। इसके किसी भी फूल को तहस-नहस करने की इजाजत किसी को भी नहीं दी जाएगी।धर्म प्रचार कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि देश की आजादी में कुर्बानी देने वालों में 90 प्रतिशत सिख कौम के लोग थे। इसके बावजूद चंद वोटों और नोटों के लालच में सिख कौम के खिलाफ कोई नफरत का प्रचार करेगा तो उसे माकूल जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल रात दोनों सिनेमा हॉल के संचालकों ने शो रद्द कर दिये। उन्होंने दावा किया है कि आगे भी इस फिल्म के शो नहीं चलाए जाएंगे। विरोध करने वालों में अमरजीतसिंह शैरी, गुरप्रीतसिंह सिद्धू, दिलीपसिंह धूरी, जगदेवसिंह, जसवीरसिंह,हरनामसिंह,आशीषसिंह, जपजोतसिंह, गौरवसिंह, शिवसिंह, आजादसिंह, मीतसिंह अमरजीतसिंह, मनजीतसिंह और सिमरनसिंह आदि सिख संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *