घर से गायब हुए युवक-युवती ने जहर निगला!
श्रीगंगानगर। जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में एक युवक- युवती ने सरकारी नर्सरी में जाकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। गांव वालों को जैसे ही पता चला उन्होंने युवक-युवती को श्रीविजयनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। युवती जिला अस्पताल में भर्ती है जबकि युवक की हालत गंभीर होने के कारण परिवार वालों ने उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है।पुलिस के मुताबिक विगत शुक्रवार की दोपहर को 20-21 वर्ष के युवक- युवती को लोग बेहोशी की हालत में श्रीविजयनगर के अस्पताल में लेकर आए। युवक रामसिंहपुर थाना क्षेत्र का निवासी है जबकि युवती करीब 2 किलोमीटर दूर श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार की सुबह युवती को उसके गांव से लेकर अपने गांव के नजदीक एक सरकारी नर्सरी में आ गया, जहां दोनों ने कथित रूप से कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभी दोनों की हालत बयान देने के लायक नहीं है। उनके होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच पता चला है कि युवती के परिवार वालों ने युवक के खिलाफ श्रीविजयनगर थाना में कोई रिपोर्ट दी है,जिस पर अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है कि युवक युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते खुदकुशी करने के लिए कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने और युवक-युवती के होश में आने पर उनके द्वारा बयान दिए जाने पर ही सारी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
