ट्रक में पीओपी के थैलों के नीचे छुपा कर 40 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब ले जाते चालक गिरफ्तार
श्रीगंगानगर 17 दिसंबर। बीकानेर जिले में महाजन थाना क्षेत्र में पल्लू- जैतपुर रोड पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक में पीओपी के थैलों में छुपा कर ले जाई जा रही लगभग 40 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। ट्रक के चालक हनुमान बिश्नोई (32)निवासी दाखो की गोलिया काबुली तहसील गुड़ामलानी थाना धोरीमना जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। बीकानेर के पुलिस अधीक्षक कावेंद्रसिंह सागर ने बताया कि महाजन थाना पुलिस ने पल्लू-जैतपुर मार्ग पर कल सोमवार को नाकाबंदी की हुई थी। नाकाबंदी के दौरान एएसआई ईश्वरसिंह ने अर्जुनसर की तरफ से आए एक ट्रक को रोककर चेक किया। उसमें पीओपी के थैले लदे हुए थे। थैलों के नीचे अंग्रेजी शराब के 570 कार्टन बरामद हुए। कार्टूनों में पंजाब निर्मित शराब थी। कार्टूनों और शराब की बोतलों पर ओनली फॉर सेल चंडीगढ़ लिखा हुआ था। चालक से पूछताछ करने पर पता चला कि वह पंजाब से पीओपी के थैलों के नीचे छुपा कर अवैध रूप से शराब गुजरात ले जा रहा था। बरामद हुई शराब का मूल्य लगभग 40 लाख रुपए आंका गया है। ड्राइवर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पता लग रही है कि पंजाब से शराब किन लोगों ने गुजरात में कहां पहुंचाने के लिए इस ट्रक में रवाना की थी।
