मजदूरी के रुपए लेने गए युवक को दोनों पैर बांधकर नहर में फेंका, पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
श्रीगंगानगर 17 दिसंबर। बीकानेर जिले में नाल थाना क्षेत्र में मजदूरी के रुपए लेने गए एक युवक के दोनों पैर बांधकर नहर में फेंकने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विगत 3 दिसंबर से लापता ओमप्रकाश (35) नामक युवक की लाश रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में एक नहर में कल बरामद हुई। युवक की हत्या करने के आरोप में पांच व्यक्तियों के खिलाफ पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गांव जयमलदेसर निवासी गुरदयालसिंह बावरी (71)द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके बेटे ओमप्रकाश की हत्या करने के आरोप में दीपक, सुनील तथा इनके पिता हरबंससिंह बावरी निवासी जयमलदेसर और कृष्ण बावरी तथा गणेश बावरी निवासी कोडमदेसर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक ओमप्रकाश विगत 3 दिसंबर को लापता हो गया था। उसके एक परिजन ने 10 दिसंबर को थाने में रिपोर्ट दी,जिस पर गुमशुदगी दर्ज कर ओमप्रकाश की तलाश शुरू कर दी गई। कल सोमवार को ओमप्रकाश की लाश रणजीतपुर थाना इलाके की एक नहर में बरामद हुई। यह पता चलने पर पुलिस और ओमप्रकाश के परिवारजन मौके पर पहुंचे् मौके की कार्यवाही के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में लाया गया। इस बीच पिता गुरदयालसिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि ओमप्रकाश अपनी मजदूरी के रुपए लेने के लिए उक्त आरोपियों के पास विगत 3 दिसंबर को गया था। उन्होंने मारपीट कर हत्या कर दी और उसके दोनों पैर बांधकर नहर में फेंक दिया। मामले की जाँच थाना प्रभारी सीआई महेंद्र दत्त शर्मा कर रहे हैं।
