ट्रेडर्स एसोसिएशन चुनाव में मतदान और मतगणना पर सीसीटीवी कैमरा से रखी जाएगी नजर
चुनाव अधिकारी करेंगे अल्पाहार और भोजन की व्यवस्था
श्रीगंगानगर, 18 दिसंबर। दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के चुनाव में इस बार बहुत कुछ नया होने जा रहा है। इस मर्तबा 22 दिसंबर को मतदान और उसके बाद मतगणना पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। सुबह 8 बजे मतदान आरंभ होने के साथ ही चाय- नाश्ते दोपहर के भोजन और शाम की चाय का इंतजाम चुनाव अधिकारियों की टीम द्वारा किया जाएगा। यही नहीं उम्मीदवारों के मतदान और मतगणना स्थल के अंदर आने पर रोक रहेगी। उनको बाहर ही अपना चुनाव प्रचार और जनसंपर्क करना होगा। चुनाव अधिकारी रामावतार महिपाल, गुरबख्श सिडाना, जयप्रकाश बैरड़ एडवोकेट, सहायक चुनाव अधिकारी जसपालसिंह और अशोक मदान ने आज सूरतगढ़ रोड पर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि संगठन के चुनाव हमेशा ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सारगर्भित माहौल में संपन्न होते रहे हैं। कभी कोई विवाद नहीं हुआ। फिर भी इस बार मतदान और उसके तुरंत बाद मतगणना पर नजर रखने के लिए नई धान मंडी में ट्रेडर्स एसोसिएशन भवन के अंदर- बाहर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। चुनाव बिल्कुल पारदर्शी, निष्पक्ष और स्वतंत्र माहौल में करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन भवन में तीन मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। पहले केंद्र पर वोटर संख्या एक से 300 तक, दूसरे केंद्र पर 301 से 600 और तीसरे केंद्र पर 601 से 918 वोटर संख्या वाले मतदाता वोट डाल सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार उम्मीदवारों को स्पष्ट रूप से कह दिया गया है कि वे मतदान और मतगणना के समय एसोसिएशन भवन के अंदर नहीं आएंगे। वे बाहर ही अपना जनसंपर्क करेंगे। मतदान और मतगणना के समय उनके अधिकृत पोलिंग और काउंटिंग एजेंट ही मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे मतदान शुरू होने के साथ ही चाय-नाश्ता भी आरंभ हो जाएगा। वोट डालने आने वाले सभी मतदाताओं,व्यापारियों,चुनाव संपन्न करवाने में लगे लोगों व कर्मचारी आदि के लिए दोपहर का भोजन और शाम की चाय की व्यवस्था भी की जाएगी।एसोसिएशन भवन के बाहर शामियाना लगाया जाएगा। सभी उम्मीदवारों को अलग-अलग काउंटर बनाकर दिए जाएंगे, जहां पर उनके समर्थक मतदाताओं को पर्चियां दे सकेंगे।

इस सारी व्यवस्था का खर्च चुनाव अधिकारी चुनाव में उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र लेते समय जमा करवाए गए शुल्क से वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 3 लाख रुपए का फंड इस शुल्क से इकट्ठा हुआ है। इसी फंड से उक्त सारी व्यवस्थाएं की जाएंगी। एसोसिएशन के चुनाव के इतिहास में पहली बार यह सब इस मर्तबा दिखाई देगा। उन्होंने बताया कि कुल मतदाताओं की संख्या 918 है, जो आगामी 22 दिसंबर को अध्यक्ष पद के लिए जगदीशचंद्र बंसल और भूपेंद्रपाल आहूजा तथा कोषाध्यक्ष के लिए सुशील सिंगला व शुभम के लिए वोट करेंगे। उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर को एसोसिएशन की आम सभा में गौरव मुंडावाला सचिव, प्रथम उपाध्यक्ष अमित झाझडिया और द्वितीय उपाध्यक्ष अमरसिंह मंडा चुन लिए गए थे। इसके बाद नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए मोहित मित्तल ने नामांकन पत्र वापस ले लिया जबकि नमन गर्ग निर्विरोध सह सचिव भी निर्वाचित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि मंडी में कल 13 वार्ड मेंबरों में से 10 का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। बाकी तीन वार्डो के मेंबरों का मनोनयन नव निर्वाचित अध्यक्ष और कार्यकारिणी द्वारा किया जाएगा। इस चुनाव को लेकर मंडी के व्यापारियों में काफी उत्साह है। अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों द्वारा इन दोनों जोरदार जनसंपर्क किया जा रहा है।
