गांव बांडा में अज्ञात व्यक्तियों ने होटल फूंक दिया
श्रीगंगानगर, 20 दिसंबर। अनूपगढ़ जिले में अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में सीमावर्ती बांडा कॉलोनी गांव में बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि को अज्ञात व्यक्तियों ने एक होटल ढाबा को फूंक दिया। कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे होटल का सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया। पुलिस के मुताबिक होटल ढाबा के संचालक हेतराम बाबरी (26) निवासी चक 4-केएसएम द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों पर आगजनी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर रहे एएसआई कमलजीतसिंह ने बताया कि उक्त ढाबा भारतमाला प्रोजेक्ट रोड से बांडा गांव को जाने वाली रोड पर शराब ठेके से लगभग 200 मीटर की दूरी पर है। हेतराम परसों रात को ढाबा बंद करके चला गया था। उसके बाद किसी ने उसमें आग लगा दी।आग से ढाबे में रखा डीप फ्रीजर, काउंटर, मेज-कुर्सियां आदि सारा सामान जल गया। आग लगने का पता चलने पर आसपास के लोग भाग कर आए।उन्होंने ही किसी तरह आग पर काबू पाया। जांच अधिकारी ने बताया कि शराब ठेके पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसकी फुटेज से पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं कि यह सारा अग्निकांड कैसे हुआ अथवा किसने अंजाम दिया। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हेतराम का किसी के साथ कोई झगड़ा या विवाद तो नहीं है।
