जयपुर में हाइवे पर एलपीजी टैंकर फटा, 8 जिंदा जले
– 40 गाडिय़ों में आग लगी, 35 लोग झुलसे
– 200 मीटर का इलाका आग का गोला बना
जनमार्ग न्यूज
जयपुर। राजधानी जयपुर में आज सुबह करीब 5 बजे अजमेर हाईवे पर भांकरोटा के पास एलपीजी गैस से भरे टैंकर में धमाका हो गया। हादसे में 8 लोग जिंदा जल गए और 60 से ज्यादा लोग झुलस गए। वहीं, 40 से ज्यादा गाडिय़ां आग की चपेट में आ गईं। घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई मंत्रियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जानकारी ली। धमाके की आवाज़ 10 किलोमीटर दूर तक सुनी दी, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए। टैंकर को एक ट्रक ने टक्कर मारी थी। टैंकर से बाहर निकलने के बाद 200 मीटर दूर तक गैस फैल गई और अचानक आग पकड़ ली। इसके साथ ही पूरा इलाका आग का गोला बन गया। जानकारी के अनुसार टैंकर सुबह करीब अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा था। सुबह करीब 5.44 मिनट पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने से वह वापस अजमेर की ओर यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान जयपुर से आ रहा ट्रक टैंकर से भिड़ गया। घटनास्थल पर पहुंचे भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों ने बताया कि टैंकर एलपीजी गैस से भरा हुआ था। एक ट्रक टैंकर के नोजल से टकराया, इससे पांच नोजल टूट गए और टैंकर में मौजूद 18 टन गैस बाहर निकल गई और पूरे इलाके में फैली और आग लग गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज। घटनास्थल पर पहुंचे भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों ने बताया कि टैंकर एलपीजी गैस से भरा हुआ था। एक ट्रक टैंकर के नोजल से टकराया, इससे पांच नोजल टूट गए और टैंकर में मौजूद 18 टन गैस बाहर निकल गई और पूरे इलाके में फैली और आग लग गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज। हादसे में 40 से ज्यादा गाडिय़ां आग की चपेट में आ गईं। कई गाडिय़ां ऐसी थीं जिनमें से लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। टैंकर के पीछे चल रही एक स्लीपर बस और हाईवे के किनारे मौजूद पाइप फैक्ट्री भी जल गई। धमाके और आग के कारण हाईवे बंद किया गया है। हादसे की जगह गैस फैलने से रेस्क्यू में काफी परेशानी आई। गेल इंडिया लिमिटेड के डीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) सुशांत कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर गेल की पाइप लाइन गुजर रही है। यहां बीपीसीएल का एलपीजी से भरा टैंकर जा रहा था, जिसे लोडेड कंटेनर ने आकर टक्कर मारी, जिससे लिक्विड रूप में एलपीजी निकल कर फैल गई। इस वजह से यह पूरा एरिया आग का गोला (फायर बॉल) बन गया। सुशांत कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के कारण जब एलपीजी बाहर आई तो उसने अपने आप आग पकड़ ली, क्योंकि जब टक्कर लगी तो स्पार्क हुआ था। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही 30 से ज्यादा एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
