Breaking News

अमित शाह माफी मांगो… इस्तीफा दो… के नारे लगाते कांग्रेसी जिला कलेक्ट्रेट में घुस गए

अमित शाह माफी मांगो… इस्तीफा दो… के नारे लगाते कांग्रेसी जिला कलेक्ट्रेट में घुस गए
कांग्रेस द्वारा अंबेडकर सम्मान यात्रा का आयोजन
श्रीगंगानगर 24 दिसंबर। काफी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आज दोपहर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग करते और देशवासियों से माफी मांगने के नारे लगाते हुए जिला कलेक्ट्रेट में घुसने में कामयाब हो गए। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज गोल बाजार के अंबेडकर चौक से अंबेडकर सम्मान यात्रा निकाली गई। इसका नेतृत्व सादुलपुर (चुरु)की पूर्व विधायक पदमश्री श्रीमती कृष्णा पूनिया, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी,जिला प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव जिया उर्र रहमान, सांसद कुलदीप इंदौरा, विधायक श्रीमती शिमला नायक और सोहन नायक, पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश चंद्र जांगिड़, पूर्व विधायक राजेंद्र भादू, राजकुमार गौड, सूरतगढ़ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष परसराम भाटिया, उप जिला प्रमुख सुदेश मोर, युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष करण सहारण, सेवादल कांग्रेस के अजय चड्ढा, संगठन महामंत्री श्यामलाल शेखावाटी, कोषाध्यक्ष नरेश सेतिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष भीमराज डाबी, उपाध्यक्ष धर्मपाल झोरड, वरिष्ठ महिला कांग्रेस नेत्री नमिता सेठी, पार्षद श्रीमती राजविंदर, ऋतु धवन तथा प्रदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने किया। दोपहर 12:30 बजे अंबेडकर चौक से सम्मान यात्रा आरंभ हुई।कांग्रेसजन भीमराव अंबेडकर के पोस्टर तथा पार्टी के झंडे लिए हुए थे। अंबेडकर चौक से गांधी चौक और रेलवे स्टेशन रोड होते हुए कांग्रेसियों का जुलूस जिला कलेक्ट्रेट के समीप महाराजा गंगासिंह चौक पहुंचा। कांग्रेसजनों को जिला कलेक्ट्रेट में नहीं जान देने के लिए पुलिस द्वारा ट्रेजरी वाले गेट पर बैरिकेडिंग तथा काफी जाब्ता लगाने का इंतजाम किया हुआ था।इस गेट पर कोतवाल सीआई पृथ्वीपालसिंह काफी संख्या में पुलिस कर्मियों के साथ तैनात थे। पुलिस को उम्मीद थी कि गंगासिंह चौक से कांग्रेसियों का जुलूस ट्रेजरी वाले गेट पर आएग, जहां उन्हें रोक कर वहीं ज्ञापन ले लिया जाएगा लेकिन कांग्रेसी गंगासिंह चौक से सीधे पुलिस अधीक्षक ऑफिस की तरफ निकल गए और कोर्ट कैंपस के सामने वाले दोनों छोटे गेटों से कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर गए। इन गेटों पर उन्हें रोकने के लिए पुलिस सत्यनाथ नहीं थी। कांग्रेसियों को उधर से कलेक्ट्रेट में प्रवेश करते देखकर ट्रेजरी वाले गेट पर तैनात पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस दौड़कर अंदर से जिला कलेक्टर के चेंबर के सामने पहुंची, तब तक कांग्रेसी अंदर आ गए थे। तत्पश्चात कांग्रेसियों ने गृहमंत्री इस्तीफा दो देश से माफी मांगो के नारों से जमकर नारेबाजी की। संसद में डॉ भीमराव अंबेडकर के बारे में विगत दिवस अपमानजनक तथा एवं अमर्यादित टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेसियों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफा देने और देशवासियों से माफी मांगने की मांग की। कुछ देर की नारेबाजी के बाद कांग्रेस के शिष्टमंडल ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने गए शिष्टमंडल में उक्त वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल रहे। जिला अध्यक्ष अंकुर मगलानी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज अंबेडकर सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से आए काफी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता तथा वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। अंबेडकर चौक से यात्रा आरंभ होने से पहले अनेक वरिष्ठ कांग्रेस जनों ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। वक्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बीआर अंबेडकर को लेकर दिए गए बयान की कड़े शब्दों में निंदा की।अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राजेश नागर, सफाई कर्मचारी नेता प्रेम भाटिया, वर्किंग कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री वीणा इंदौरा ईशानवीरसिंह मान, पूर्व सरपंच सुरेंद्र पारीक, अर्जुन राजपाल, मुकेश मिड्डा, शंकर असवाल, मानकचंद शर्मा, सोहनलाल नायक, कश्मीरीलाल इंदौरा, विकास शर्मा, नवाब चौपदार, बलराम वर्मा बलकरण बराड और लालचंद मेघवाल आदि विभिन्न पदाधिकारी एवं सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ता भी सम्मान यात्रा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *