Breaking News

युवक ने घर में घुसकर युवती को गोली मारी

युवक ने घर में घुसकर युवती को गोली मारी
गोली के चले लगने से घायल युक्ति अस्पताल में भर्ती
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
श्रीगंगानगर, 24 दिसंबर। हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में भूनावाली ढाणी में कल शाम लगभग 5:30 बजे एक युवक ने घर में घुसकर एक युवती को गोली मार दी।गोली के छर्रे युवती के सीने में लगे। उसे हनुमानगढ़ टाउन के सरकारी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार घायल हुई युवती दुर्गा (22) की मां रज्जो देवी कुम्हार (50) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसी के गांव के एक युवक हनुमान मेघवाल तथा उसके पिता सुभाष पर हत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की जांच सब इंस्पेक्टर रणवीर द्वारा की जा रही है। उन्होंने आज भूनावाली ढाणी में जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से बातचीत की। अस्पताल में भर्ती दुर्गा से भी पूछताछ की। दुर्गा के सीने पर छर्रे लगे हैं।फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस को रिपोर्ट देते हुए रज्जोदेवी ने बताया कि कल शाम वह अपने घर पर थी।उसकी पुत्री दुर्गा और पुत्रवधू भी घर पर ही थीं। अचानक मोटरसाइकिल पर हनुमान और उसका पिता घर में आए।उसकी पुत्री पर गोली चलाकर भाग गए। दुर्गा के भाई सुरेंद्र ने बताया कि हनुमान उसका दोस्त है। उन दोनों का एक-दूसरे के घर में आना-जाना है। उसकी बहन दुर्गा गांव मूंडा में बैंकिंग की कोचिंग करने के लिए जाती है। उसने हाल ही पशु परिचर प्रतियोगी परीक्षा भी दी है। उसने बीएड भी कर रखी है। कल शाम दुर्गा जब पशुओं का दूध निकाल रही थी,तभी हनुमान घर में आया और उसके साथ बहसबाजी करने लगा। दुर्गा से हनुमान पूछने लगा कि वह मूंडा गांव में बैंक में किसलिए गई थी। इसी बात को लेकर दोनों में कुछ देर बहसबाजी हुई। तभी अचानक हनुमान ने उस पर फायर कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी हनुमान को पकड़ने के प्रयास किया जा रहे हैं। दुर्गा की मां रज्जोदेवी ने इल्जाम लगाया है कि हनुमान आवारा प्रवृत्ति का है। सुरेंद्र ने बताया कि कल हनुमान ने उसे दो-तीन बार फोन किए थे। उसने उसकी दुकान पर आकर चाय पीने की बात भी की थी, लेकिन फिर वह आया नहीं। शाम को वह उसके घर आया और उसकी बहन पर गोली चलाकर भाग गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *