नोहर सब जेल में आग भड़कने से पांच बंदी मामूली झुलसे
– बड़ा हादसा टल गया
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में नोहर शहर की सब जेल में आज सुबह आग भड़कने से पांच बंदी मामूली झुलस गए। अचानक आग भड़कने से बंदियों में अफरा तफरी मच गई। घटना का पता चलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जानकारी लेने के लिए सब जेल में पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सब जेल में सुबह 10 बजे लंगर खाना में दोपहर का खाना बनाने की तैयारी चल रही थी।इसी दौरान एलपीजी गैस की एक पाइप निकल गई, जिसमें आग लग गई। जलती हुई पाइप हवा में इधर-उधर लहराई तो आसपास खड़े पांच बंदी आग की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार हरीश पुत्र मनोहर नाथ, अल्लाह रक्खा पुत्र पप्पू खां, जयदीप पुत्र सुरेश कुमार, मांगीराम पुत्र रामकुमार और सतवीर पुत्र धर्मपाल नमक पांच बंदियों को झुलसी हुई हालत में नोहर के राजकीय चिकित्सालय में लाया गया। चिकित्सीय सूत्रों के मुताबिक यह बंदी मामूली रूप से झुलस गए थे, जिनको उपचार करने के बाद वापस जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार जब एलपीजी गैस की पाइप अचानक निकाली और इधर-उधर लहराने लगी तो लंगर खाना में कई बंदी दोपहर का खाना बनाने में लगे हुए थे। उनमें अफरा तफरी मच गई। दो-तीन बंदिया ने हिम्मत दिखाते हुए जल रही पाइप के दूसरे सिरे को बाहर निकाल दिया, जिससे गैस की सप्लाई पाइप में रुक गई और बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना का पता चलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जेल में पहुंचे। उन्होंने सारे मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि एलपीजी गैस के लिए लगाई हुई पाइप सही तरीके से नहीं लगी हुई थी जो कि गैस के ज्यादा प्रेशर के कारण एक तरफ से निकल गई और उसमें से निकल रही गैस मैं आग लग गई थी। आज से लंगर खाना में कोई नुकसान होने की खबर नहीं है।
