Breaking News

किसानों का पंजाब बंद, दिल्ली-जालंधर हाईवे जाम

किसानों का पंजाब बंद, दिल्ली-जालंधर हाईवे जाम
– लुधियाना में लोगों से बहस
– लाडोवाल टोल प्लाजा पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश

जनमार्ग न्यूज
चंडीगढ़। फसलों की एमएसपी का गारंटी कानून समेत 13 मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में पंजाब बंद है। किसानों ने सुबह 7 बजे से 140 जगह पर हाईवे और रेलवे ट्रैक जाम किए हैं। इनमें अमृतसर-दिल्ली, अमृतसर-जम्मू, जालंधर-दिल्ली और फिरोजपुर हाईवे समेत अन्य रोड शामिल हैं। किसानों के समर्थन में कई जगह मार्केट के साथ पेट्रोल पंप बंद हैं। हालांकि लुधियाना का चौड़ा बाजार खुला है। बसें और ट्रेनें न चलने से लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ा रहा है। 8 राज्यों में 576 रूट पर चलने वाली बसों के पहिए थमे हुए हैं। वहीं, बाहरी राज्यों से भी पंजाब में बसें नहीं आ रही हैं। रेलवे ने वंदे भारत समेत कुल 167 ट्रेनों को रद्द किया है। रेलवे स्टेशनों पर यूपी, पुणे, बिहार और कोलकाता समेत अन्य राज्यों के यात्री परेशान दिखे। कई यात्रियों ने तो ट्रेन कैंसिल होने पर होटल में रूम बुक किए। किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं में कोई रुकावट नहीं आने दी जाएगी। किसी की कोई परीक्षा, इंटरव्यू आदि है तो उसे भी नहीं रोका जाएगा। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ समेत सभी यूनिवर्सिटी ने आज होने वाले एग्जाम स्थगित कर दिए थे। लुधियाना के खन्ना में किसानों ने बाजारों का चक्कर लगाने के बाद दिल्ली अमृतसर नेशनल हाईवे पर जाम लगाया। यहां पंजाब बंद को समर्थन मिल रहा है। सभी बाजार बंद हैं। जालंधर में धन्नोवाली फाटक पर दूल्हे की गाड़ी पहुंची। यहां किसानों ने धरना लगा रखा है। इस दौरान दूल्हा गाड़ी से बाहर आया और किसान मजदूर एकता का झंडा हाथों में लेकर किसान जिंदाबाद कहा। इसके बाद वह गाड़ी में बैठकर रवाना हो गया। मोहाली में किसानों ने चंडीगढ़-खरड़ हाईवे को जाम कर दिया है। किसानों ने हाईवे के बीच बाइकें खड़ी की हैं। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि 4 बजे के बाद हाईवे को खोला जाएगा। जालंधर में मुरादाबाद से आए विनोद कुमार गुंबर ने बताया वह माता वैष्णो देवी की यात्रा पर जा रहे थे। इस दौरान उन्हें जालंधर में किसानों के धरने की वजह से रोक लिया गया। उनकी ट्रेन कैंसिल कर दी गई। गुंबर ने कहा कि रेलवे ने उन्हें आगे अल्टरनेट ट्रेन के लिए भी कोई मदद नहीं की। जिसके चलते उन्हें जालंधर में जालंधर कैंट स्टेशन के पास होटल बुक कर रुकना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आज उनका सोमवार का व्रत था और उन्हें माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचकर भगवान शिव का रुद्राभिषेक करना था। पटियाला के राजपुरा में मेन टाली वाला चौक को किसान संगठनों, व्यापार मंडल व शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के नेताओं ने पूरी तरह से बंद कर दिया है। नेताओं ने कहा कि केवल एंबुलेंस को ही गुजरने की अनुमति दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *