Breaking News

ट्रक-मशीन समाने वाले बोरवेल में रूका पानी-गैस का रिसाव

ट्रक-मशीन समाने वाले बोरवेल में रूका पानी-गैस का रिसाव
– कीचड़ में फंसी मशीन का एक हिस्सा आया नजर
– खेत में बन गया तालाब
जनमार्ग न्यूज
जैसलमेर। जैसलमेर के मोहनगढ़ इलाके में शुक्रवार सुबह से ट्यूबवेल फटने से बह रही जलधारा और गैस का रिसाव रविवार रात को अचानक बंद हो गया। इसके बाद कीचड़ में फंसी बोरवेल मशीन का एक हिस्सा नजर आने लगा है। वहीं खेत में 20 फीट चौड़ा खड्ढा बन गया है और गंदे पानी का तालाब नजर आने लगा है। ट्रक और मशीन को खड्ढे से बाहर निकालने के लिए ऑयल कंपनियों को सूचना दी गई है। उनकी क्राइसिस मैनेजमेंट की टीम के आने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि ट्यूबवेल से अचानक पानी का बहाव और गैस का रिसाव बंद रविवार रात को हो गया। सुबह लोगों ने देखा तो इसकी जानकारी प्रशासन को दी। अब मौके पर जाकर हालत का जायजा लेंगे। कलेक्टर ने बताया कि ऑयल-गैस कंपनियों की विशेषज्ञों की टीम, जो इसके सैंपल लेकर गई है, उनको भी सूचना दे दी गई है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे क्या करना है इसको लेकर रणनीति बनाई जाएगी। ट्रक और मशीन को खड्ढे से बाहर निकालने के लिए ऑयल कंपनियों के क्राइसिस मैनेजमेंट को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। लेकिन तब तक इस इलाके में किसी के भी आने जाने पर रोक जारी रहेगी। मौके पर 20 फीट चौड़ा खड्ढा और खड्ढे में बोरवेल मशीन का एक हिस्सा नजर आ रहा है। ट्रक अभी तक पानी के अंदर ही है। जैसलमेर के मोहनगढ़ स्थित चक 27 बीडी के तीन जोरा माइनर के पास मोहनगढ़ के भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह के खेत में शनिवार सुबह करीब 10 बजे बोरवेल की खुदाई की जा रही थी। करीब 850 फीट खुदाई के बाद अचानक तेज प्रेशर के साथ पानी निकलने लगा। पानी के साथ गैस का भी रिसाव होने लगा, जिससे बोरवेल खुदाई की मशीन ट्रक समेत आधी अंदर धंस गई और मौके पर कीचड़ और पानी जमा होने लगा था। शनिवार रात को ट्रक मशीन समेत पूरा जमीन में समा गया। प्रशासन ने अलर्ट होकर 500 मीटर एरिया को खाली करवा कर ओएनजीसी, केयर्न इंडिया और ऑयल इंडिया के विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया। विशेषज्ञों ने मौके से सैंपल लिए और उसको जांच के लिए लैब भेजा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही गैस कौनसी है उसका पता चलेगा। इसके साथ ही पानी के बहाव को रोकने आदि के लिए भी क्राइसिस मैनेजमेंट की टीम को बुलाया गया। अब मौके से पानी का बहाव बंद हो गया है तो प्रशासन अब रेस्क्यू के लिए आज निर्णय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *